बादलों ने बढ़ाई रफ्तार, यूपी के 42 जिलों में भारी बारिश की चेतावनी; कई इलाकों में मूसलाधार बारिश

लखनऊ । उत्तर प्रदेश में मानसून की सक्रियता के चलते मंगलवार को कई जिलों में भारी बारिश दर्ज की गई। पिछले दो दिनों से सक्रिय हुए मानसून के प्रभाव से पूर्वी और पश्चिमी उत्तर प्रदेश के कई हिस्सों में कहीं मध्यम तो कहीं तेज बारिश हुई। बारिश के कारण तापमान में गिरावट दर्ज की गई और लोगों को गर्मी से राहत मिली।

प्रदेश में सबसे अधिक बारिश कन्नौज में दर्ज की गई, जहां 125 मिमी बारिश हुई। इसके अलावा बहराइच में 104 मिमी, इटावा में 100 मिमी, अयोध्या में 94.8 मिमी, लखीमपुर खीरी में 81.6 मिमी और कानपुर में 75 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग ने बुधवार के लिए प्रदेश के 12 जिलों में भारी बारिश को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है। वहीं 42 अन्य जिलों में तेज बारिश की संभावना को देखते हुए येलो अलर्ट जारी किया गया है। विभाग के अनुसार बुधवार और गुरुवार को भी प्रदेश के कई हिस्सों में भारी बारिश हो सकती है।

क्षेत्रीय मौसम विज्ञान केंद्र, लखनऊ के वरिष्ठ वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि 5 से 7 अगस्त के बीच प्रदेश के अधिकांश इलाकों में अच्छी बारिश होने की संभावना है। इसके बाद बारिश की गतिविधियों में कमी आने की उम्मीद है।

TOP

You cannot copy content of this page