वाराणसी । पहड़िया-बेला मार्ग पर मंगलवार सुबह हुए एक दर्दनाक सड़क हादसे में साइकिल सवार मजदूर की मौत हो गई। परशुरामपुर इलाके में तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने पीछे से साइकिल में टक्कर मार दी। हादसे के बाद चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। घटना से परिवार में कोहराम मच गया। मृतक की पहचान चोलापुर थाना क्षेत्र के नवापुरा निवासी 45 वर्षीय संजय राजभर के रूप में हुई।
पुलिस के अनुसार, संजय राजभर मंगलवार सुबह करीब नौ बजे पहड़िया नई बस्ती में मजदूरी करने के लिए साइकिल से जा रहे थे। परशुरामपुर के पास पीछे से आ रही तेज रफ्तार स्कॉर्पियो ने उन्हें जोरदार टक्कर मार दी। हादसे में उनके सिर में गंभीर चोट आई और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन और स्थानीय लोग मौके पर पहुंच गए। आक्रोशित परिजनों ने शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन शुरू कर दिया और मुआवजे की मांग को लेकर पहड़िया-बेला मार्ग पर करीब दो घंटे तक जाम लगा दिया।
परिजनों ने मृतक के परिवार को राष्ट्रीय पारिवारिक लाभ योजना के तहत सहायता, पत्नी को विधवा पेंशन, बच्चों को मुख्यमंत्री बाल सेवा योजना का लाभ तथा परिवार के लिए आवास निर्माण हेतु भूमि उपलब्ध कराने की मांग की।
