सावन में काशी का हर सवेरा होगा शिवमय, 55 चौराहों पर एक घंटे तक गूंजेगा शिवस्तोत्र

वाराणसी। सावन के पावन महीने में काशी का वातावरण अब और अधिक शिवमय, आध्यात्मिक और दिव्य अनुभूति से ओत-प्रोत होगा। भोर की पहली किरण के साथ ही शहर शिवभक्ति के मधुर स्वरों से गुंजायमान हो उठेगा। मंगलवार को मेयर अशोक कुमार तिवारी की अध्यक्षता में स्मार्ट सिटी सभागार में आयोजित कार्यकारिणी की बैठक में यह महत्वपूर्ण निर्णय लिया गया।

बैठक में तय किया गया कि बुधवार से शहर के 55 प्रमुख चौराहों पर स्थापित पब्लिक एड्रेस सिस्टम के माध्यम से प्रतिदिन सुबह 5:30 बजे से 6:30 बजे तक शिवस्तोत्र का प्रसारण किया जाएगा, जिससे पूरे शहर में भक्तिमय वातावरण का सृजन होगा।

इसके साथ ही सावन और संभावित बाढ़ की स्थिति को देखते हुए कार्यकारिणी ने नगर प्रशासन को पूरी तरह सतर्क रहने के निर्देश दिए। उपसभापति नरसिंह दास के प्रस्ताव पर समिति ने निर्णय लिया कि सावन के दौरान सभी शिवालयों और मंदिर परिसरों के आसपास का क्षेत्र पूरी तरह प्लास्टिक मुक्त रखा जाएगा।

श्रद्धालुओं और कांवड़ियों की सुविधा के लिए उनके सुगम आवागमन, विश्राम स्थलों की समुचित व्यवस्था तथा सार्वजनिक शौचालयों को 24 घंटे निशुल्क संचालित करने के निर्देश भी दिए गए। वहीं, गंगा और वरुणा नदियों के बढ़ते जलस्तर को देखते हुए संभावित बाढ़ राहत शिविरों में शुद्ध पेयजल, बेड, भोजन और साफ-सफाई जैसी आवश्यक सुविधाएं सुनिश्चित करने पर भी जोर दिया गया।

TOP

You cannot copy content of this page