बसपा विधायक उमाशंकर सिंह का निधन, कैंसर से थे पीड़ित

बलिया। उत्तर प्रदेश के बलिया जिले की रसड़ा विधानसभा सीट से बहुजन समाज पार्टी (बसपा) के विधायक उमाशंकर सिंह का गुरुवार को निधन हो गया। वह लंबे समय से कैंसर जैसी गंभीर बीमारी से जूझ रहे थे। उनके निधन की खबर मिलते ही राजनीतिक, सामाजिक और व्यावसायिक जगत में शोक की लहर दौड़ गई।

उमाशंकर सिंह अपनी सादगी, मिलनसार स्वभाव और जनसेवा के लिए व्यापक रूप से पहचाने जाते थे। उन्होंने गरीबी और कठिन परिस्थितियों से संघर्ष करते हुए प्रदेश की प्रमुख निर्माण कंपनियों में शामिल छात्र शक्ति कंपनी की स्थापना की और अपनी मेहनत के दम पर अलग पहचान बनाई।

राजनीति में आने के बाद भी उन्होंने क्षेत्र की जनता से लगातार जुड़ाव बनाए रखा। रसड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास कार्यों और आम लोगों की समस्याओं के समाधान को लेकर उनकी सक्रियता की अक्सर सराहना की जाती थी। उनके सहज व्यवहार और मददगार व्यक्तित्व के कारण वह सभी दलों के नेताओं और आम लोगों के बीच समान रूप से लोकप्रिय थे।

उनके निधन पर विभिन्न राजनीतिक दलों के नेताओं, सामाजिक संगठनों और समर्थकों ने गहरा शोक व्यक्त करते हुए उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। उनके निधन को बलिया ही नहीं, बल्कि पूरे प्रदेश की राजनीति के लिए एक अपूरणीय क्षति माना जा रहा है।

TOP

You cannot copy content of this page