कांवड़ यात्रा की तैयारियों का डीएम-एसएसपी ने लिया जायजा, बुलंदशहर से गुलावठी तक किया संयुक्त निरीक्षण

बुलंदशहर। कांवड़ यात्रा को सुरक्षित, सुचारु और व्यवस्थित बनाने के उद्देश्य से जिलाधिकारी कुमार हर्ष और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक दिनेश कुमार सिंह ने बुधवार को बुलंदशहर से गुलावठी तक कांवड़ मार्ग का संयुक्त निरीक्षण किया। इस दौरान दोनों अधिकारियों ने यात्रा मार्ग पर की गई व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

निरीक्षण के दौरान अधिकारियों ने विभिन्न कांवड़ शिविरों का भ्रमण कर सुरक्षा व्यवस्था, साफ-सफाई, यातायात प्रबंधन, पेयजल, प्रकाश व्यवस्था तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का निरीक्षण किया। उन्होंने हरिद्वार से पवित्र कांवड़ लेकर लौट रहे श्रद्धालुओं से बातचीत कर उनकी कुशलक्षेम जानी और किसी भी प्रकार की समस्या होने पर तत्काल पुलिस हेल्पलाइन नंबर 112 पर संपर्क करने की सलाह दी।

जिलाधिकारी और एसएसपी ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी कांवड़ शिविरों में साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही श्रद्धालुओं को गुणवत्तापूर्ण एवं स्वच्छ खाद्य सामग्री उपलब्ध कराई जाए। उन्होंने पेयजल, चिकित्सा सहायता, शौचालय, विश्राम स्थल और प्रकाश व्यवस्था को लगातार सुचारु बनाए रखने के भी निर्देश दिए।

अधिकारियों ने कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान श्रद्धालुओं की सुरक्षा और सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है। इसके लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें, ताकि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े और यात्रा शांतिपूर्ण एवं सकुशल संपन्न हो सके।

TOP

You cannot copy content of this page