झांसी। उत्तर प्रदेश के झांसी जिले में गुरुवार को हुए एक भीषण सड़क हादसे में माफिया और पूर्व सांसद अतीक अहमद के सबसे छोटे बेटे आबान अहमद की मौत हो गई। इस दुर्घटना में उनके साथ यात्रा कर रहे सोनू खान की भी जान चली गई, जबकि तीन अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए।
यह हादसा झांसी-कानपुर राष्ट्रीय राजमार्ग पर पुंछ थाना क्षेत्र के खिल्ली गांव के पास हुआ। सभी पांचों लोग प्रयागराज से झांसी जा रहे थे, जहां उन्हें झांसी जेल में बंद अतीक अहमद के बेटे अली अहमद से मुलाकात करनी थी।
प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, सुबह करीब 10:30 बजे तेज रफ्तार क्रेटा कार अचानक सड़क पर आए एक जानवर को बचाने के प्रयास में अनियंत्रित हो गई और डिवाइडर से जा टकराई। टक्कर इतनी भीषण थी कि वाहन का अगला हिस्सा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया।
हादसे में आगे की सीट पर बैठे आबान अहमद और सोनू खान के सिर में गंभीर चोटें आईं, जिससे दोनों की मौके पर ही मौत हो गई। वहीं, कार में सवार अहजम (बादशाही मंडी, प्रयागराज), मोहम्मद जैद (कोतवाली, प्रयागराज) और उमर अहमद (पूरा मुफ़्ती, प्रयागराज) गंभीर रूप से घायल हो गए। सभी घायलों को तत्काल मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया। झांसी के एसएसपी बीबीजीटीएस मूर्ति ने बताया कि प्रारंभिक जांच में मृतकों में से एक की पहचान अतीक अहमद के बेटे आबान अहमद के रूप में हुई है। पुलिस दुर्घटना के कारणों की विस्तृत जांच कर रही है।
करीब 10 महीने से झांसी जेल में बंद है अली अहमद
उमेश पाल हत्याकांड और रंगदारी समेत कई मामलों में आरोपी अली अहमद को 1 अक्टूबर 2025 को प्रयागराज की नैनी जेल से हाई सिक्योरिटी के तहत झांसी जेल स्थानांतरित किया गया था। नैनी जेल में उसकी बैरक से 1100 रुपये बरामद होने के बाद प्रशासन ने उसे झांसी भेजने का फैसला लिया था। शिफ्टिंग के दौरान भारी सुरक्षा व्यवस्था की गई थी। झांसी जेल पहुंचने पर अली ने अपनी जान को खतरा बताते हुए मुख्यमंत्री से सुरक्षा की मांग भी की थी। तब से वह झांसी जेल में ही बंद है।
