
लखनऊ। उत्तर प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री ए.के. शर्मा ने विधानसभा और विधान परिषद के तृतीय सत्र के दौरान विपक्ष के रवैये की कड़ी आलोचना करते हुए कहा कि जनहित के मुद्दों पर लगातार व्यवधान उत्पन्न करना लोकतांत्रिक परंपराओं के खिलाफ है। उन्होंने कहा कि विपक्ष की नारेबाजी और असहयोग के बावजूद सरकार ने अपने सभी महत्वपूर्ण विधायी कार्य पूरे किए और अनुपूरक बजट भी सफलतापूर्वक पारित कराया।
मंत्री ने कहा कि आजादी के दशकों बाद भी प्रदेश के डेढ़ लाख से अधिक मजरे बिजली जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित थे। वर्तमान सरकार ने इन क्षेत्रों तक बिजली पहुंचाकर लाखों लोगों के जीवन में बदलाव लाने का काम किया है। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश ने देश में सर्वाधिक बिजली मांग की सफल आपूर्ति कर नया राष्ट्रीय रिकॉर्ड बनाया है। इसके पीछे मजबूत ऊर्जा अवसंरचना, नए विद्युत उपकेंद्रों का निर्माण, ट्रांसफार्मरों की क्षमता वृद्धि, वितरण व्यवस्था का आधुनिकीकरण और नवीकरणीय ऊर्जा को बढ़ावा देने जैसी योजनाओं की अहम भूमिका रही है।
सत्र समाप्त होने के बाद मीडिया से बातचीत में ए.के. शर्मा ने कहा कि विपक्ष ने पूरे सत्र में जनहित के बजाय व्यवधान की राजनीति की, जिससे सदन का बहुमूल्य समय नष्ट हुआ। उन्होंने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, संसदीय कार्य मंत्री और विधानसभा अध्यक्ष की सराहना करते हुए कहा कि सरकार ने विपक्ष के विरोध के बावजूद विकास और जनकल्याण से जुड़े सभी विधायी कार्य सफलतापूर्वक पूरे किए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में स्वस्थ बहस और सकारात्मक सहयोग आवश्यक है तथा जनता समय आने पर विकास और सुशासन के आधार पर अपना निर्णय अवश्य देगी।
