वाराणसी: नियुक्ति परीक्षा में दो अंकों से चूके युवक ने फांसी लगाकर दी जान, जांच में जुटी पुलिस

वाराणसी। शिवपुर थाना क्षेत्र के बसही स्थित अशोक पूरम कॉलोनी में 35 वर्षीय युवक का शव उसके कमरे में फंदे से लटका मिलने से इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना पर पहुंची पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।

सुबह दरवाजा नहीं खुलने पर हुआ घटना का खुलासा

परिजनों के अनुसार दीपक तिवारी (35) पुत्र अशोक तिवारी, निवासी अशोक पूरम कॉलोनी, चार अगस्त की रात अपने कमरे में सोने गए थे और अंदर से दरवाजा बंद कर लिया था। बुधवार सुबह काफी देर तक दरवाजा नहीं खुलने पर परिजनों ने आवाज लगाई, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद डायल 112 पर सूचना दी गई। मौके पर पहुंची पुलिस ने दरवाजा खुलवाया तो दीपक का शव दरवाजे के ऊपर लगी लोहे की जाली से फंदे के सहारे लटका मिला।

दो अंकों से चयन चूकने के बाद थे तनाव में

परिजनों ने बताया कि दीपक कानपुर में रहकर प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे थे। हाल ही में हुई एक नियुक्ति परीक्षा में वह मात्र दो अंकों से चयन से वंचित रह गए थे। इसके बाद से वह मानसिक तनाव में रहते थे। दीपक अविवाहित थे और दो भाइयों में से एक थे।

पोस्टमार्टम के लिए भेजा गया शव, जांच जारी

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा की कार्रवाई पूरी करने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। अधिकारियों का कहना है कि मामले के सभी पहलुओं की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page