गंगा थीम पर बनेगा वाराणसी नगर निगम का नया सदन भवन, 12 माह में होगा तैयार

वाराणसी के सिगरा स्थित नगर निगम परिसर में अब अत्याधुनिक और भव्य सदन भवन का निर्माण शुरू हो गया है। प्रधानमंत्री द्वारा 28 अप्रैल को वर्चुअली आधारशिला रखे जाने के बाद बुधवार को महापौर अशोक कुमार तिवारी और नगर आयुक्त हिमांशु नागपाल की मौजूदगी में शिलापट्ट स्थापित कर विधिवत निर्माण कार्य की शुरुआत की गई।

करीब 96.99 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाला यह नया भवन गंगा और काशी की सांस्कृतिक थीम पर आधारित होगा। बी+जी+4 स्वरूप में बनने वाले इस भवन की डिजाइन शिवलिंग के आकार से प्रेरित रखी गई है, जो काशी की धार्मिक और सांस्कृतिक पहचान को दर्शाएगी। परियोजना का निर्माण ईपीसी मोड पर किया जा रहा है, जिसमें डिजाइन से लेकर निर्माण तक की पूरी जिम्मेदारी कार्यदायी संस्था सीएंडडीएस की होगी।

करीब 12 हजार वर्ग मीटर क्षेत्र में बनने वाले इस परिसर में आधुनिक नागरिक सुविधाओं का समावेश किया जाएगा। भूतल पर रिकॉर्ड रूम, कैश काउंटर, मीटिंग रूम और ग्रीन रूम बनाए जाएंगे। प्रथम तल पर 180 पार्षदों की क्षमता वाला हाईटेक सदन हॉल तैयार होगा। वहीं अन्य मंजिलों पर महापौर, नगर आयुक्त समेत विभिन्न प्रशासनिक विभागों के कार्यालय, कॉन्फ्रेंस रूम और प्रतीक्षा कक्ष बनाए जाएंगे।

भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए भवन की नींव सात मंजिल तक के भार के अनुसार तैयार की जा रही है। परिसर में लिफ्ट, बैंक, पोस्ट ऑफिस, यूनियन हॉल, पुलिस चौकी, कैंटीन, सर्वर रूम और सीसीटीवी सुरक्षा जैसी आधुनिक सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।

नए भवन के बनने से नगर निगम की बैठकों के लिए टाउनहॉल पर निर्भरता भी खत्म हो जाएगी। अब तक बड़े सदन हॉल के अभाव में पार्षदों और अधिकारियों को चार किलोमीटर दूर टाउनहॉल जाना पड़ता था। नए प्रशासनिक केंद्र के बनने से नगर निगम की कार्यप्रणाली और नागरिक सुविधाएं दोनों अधिक व्यवस्थित और आधुनिक होंगी।

TOP

You cannot copy content of this page