घमहापुर हत्या कांड के बाद वाराणसी में हाई अलर्ट, पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने संभाला मोर्चा

वाराणसी के थाना फूलपुर क्षेत्र अंतर्गत घमहापुर में हुई हत्या के बाद उत्पन्न तनावपूर्ण स्थिति को देखते हुए कमिश्नरेट पुलिस पूरी तरह अलर्ट मोड में नजर आई। दिनांक 06 मई 2026 को पुलिस आयुक्त स्वयं मौके पर पहुंचे और क्षेत्र का भ्रमण कर कानून एवं शांति व्यवस्था की स्थिति का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल एवं अधिकारियों को सतर्कता और मुस्तैदी के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने थाना फूलपुर क्षेत्र में नियुक्त रिक्रूट आरक्षियों को लॉ एंड ऑर्डर ड्यूटी के संबंध में विस्तृत ब्रीफिंग दी। उन्होंने सभी जवानों को हेलमेट, डंडा, बॉडी प्रोटेक्टर एवं असलहों के साथ पूरी तैयारी और अनुशासन के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए। साथ ही समस्त थाना प्रभारियों एवं राजपत्रित अधिकारियों को दंगा नियंत्रण उपकरण, टियर गैस, पिस्टल गन और एंटी राइट गन सहित सभी आवश्यक संसाधन उपलब्ध रखने के निर्देश दिए गए, ताकि किसी भी स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी कार्रवाई सुनिश्चित की जा सके।

एक विशेष संगठन द्वारा बिना अनुमति प्रस्तावित धरना-प्रदर्शन को देखते हुए पुलिस आयुक्त ने जनपद के विभिन्न संवेदनशील क्षेत्रों का भी निरीक्षण किया। उन्होंने मौके पर तैनात पुलिस बल को बैरिकेडिंग, रस्सों एवं अन्य सुरक्षा व्यवस्थाओं को मजबूत रखने तथा पूरी सतर्कता के साथ ड्यूटी करने के निर्देश दिए।

पुलिस आयुक्त ने स्पष्ट निर्देश दिए कि भीड़ में शामिल किसी भी अराजक तत्व की तुरंत पहचान कर उसके खिलाफ कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाए। उन्होंने अधिकारियों को लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहने और विभिन्न प्वाइंट्स पर तैनात पुलिस बल का मनोबल बढ़ाने के भी निर्देश दिए, ताकि हर जवान को अपने कर्तव्यों की स्पष्ट जानकारी बनी रहे।

उन्होंने दो टूक कहा कि जनपद में कानून एवं शांति व्यवस्था भंग करने वाले किसी भी जुलूस, रैली अथवा प्रदर्शन की अनुमति नहीं दी जाएगी और नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

इस दौरान अपर पुलिस आयुक्त कानून-व्यवस्था एवं मुख्यालय , पुलिस उपायुक्त काशी जोन , पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन , पुलिस उपायुक्त गोमती जोन सहित समस्त राजपत्रित अधिकारी एवं भारी पुलिस बल मौजूद रहा।

TOP

You cannot copy content of this page