
वाराणसी। लाल बहादुर शास्त्री अंतरराष्ट्रीय एयरपोर्ट, बाबतपुर पर रविवार सुबह चेकिंग के दौरान अचानक गोली चलने से अफरा-तफरी मच गई। हादसे में एयरपोर्ट पर तैनात महिला सुरक्षा सहायक समेत दो सुरक्षा कर्मी घायल हो गए। दोनों को हरहुआ स्थित लक्ष्मी मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया है, जहां उनकी हालत सामान्य बताई जा रही है।
जानकारी के अनुसार, आज सुबह करीब 9:30 बजे आजमगढ़ के जीयनपुर थाना क्षेत्र के रामगढ़ निवासी करीब 55 वर्षीय कमलेश राय, अपनी पत्नी सुषमा राय के साथ एयर इंडिया एक्सप्रेस की फ्लाइट संख्या IX1810 से वाराणसी से मुंबई जाने के लिए एयरपोर्ट पहुंचे थे।
बताया गया कि यात्री के ट्रैवलिंग बैग में उनकी लाइसेंसी पिस्टल भी रखी हुई थी। एयरपोर्ट पर सुरक्षा जांच के दौरान पिस्टल और राउंड की चेकिंग की जा रही थी। इसी दौरान राउंड की गिनती करते समय अचानक गोली चल गई। गोली के रिकोशे से पास में मौजूद दो सुरक्षा सहायकों को चोट लग गई।
हादसे में सुरक्षा सहायक सुमन कुमारी, निवासी गया, बिहार के दोनों पैरों की जांघ में चोट आई, जबकि रोहित राज, निवासी नालंदा, बिहार के बाएं हाथ में गोली के रिकोशे से चोट लगी।
घटना के तुरंत बाद एयरपोर्ट परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घायल दोनों कर्मियों को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनका उपचार जारी है।
घटना की सूचना मिलते ही फूलपुर थाना पुलिस और जिले के वरिष्ठ पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस अधिकारियों ने एयरपोर्ट पर मौजूद लोगों से पूछताछ की और पूरे घटनाक्रम की जानकारी जुटाई। पुलिस मामले की जांच कर रही है कि लाइसेंसी पिस्टल और उसके राउंड ट्रैवलिंग बैग में कैसे पहुंचे और चेकिंग के दौरान गोली किन परिस्थितियों में चली।
