वाराणसी। आत्महत्या के लिए उकसाने के मामले में फरार चल रहे वांछित अभियुक्त को थाना मण्डुवाडीह पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने तकनीकी संसाधनों की मदद से अभियुक्त की लोकेशन ट्रेस की और सोमवार सुबह मणिकर्णिका घाट से उसे पकड़ लिया।
पुलिस के अनुसार, यह कार्रवाई पुलिस आयुक्त वाराणसी द्वारा अपराधों की रोकथाम और वांछित अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के निर्देशन, अपर पुलिस उपायुक्त वरुणा जोन के पर्यवेक्षण और सहायक पुलिस आयुक्त रोहनियां के नेतृत्व में मण्डुवाडीह पुलिस टीम ने कार्रवाई की।
गिरफ्तार अभियुक्त की पहचान अश्वनी गौतम उर्फ देव सिंह, पुत्र आनन्द प्रिय उर्फ राजाराम शंदावार, निवासी महुआ महोई मुर्रा, थाना डेरापुर, जनपद कानपुर देहात, उम्र करीब 29 वर्ष के रूप में हुई है। उसे 14 सितंबर 2026 को सुबह करीब 7:20 बजे मणिकर्णिका घाट से गिरफ्तार किया गया।
शादी का झांसा देकर प्रताड़ित करने का आरोप
पुलिस के मुताबिक, 10 अगस्त 2026 को मृतका के पिता ने थाना मण्डुवाडीह में तहरीर देकर आरोप लगाया था कि अभियुक्त ने उनकी 23 वर्षीय पुत्री को शादी का झांसा देकर कथित रूप से शारीरिक और मानसिक रूप से प्रताड़ित किया। इसके बाद युवती ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। तहरीर के आधार पर थाना मण्डुवाडीह में मु0अ0सं0 0287/2026, धारा 108 बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज किया गया।
मामले की विवेचना उपनिरीक्षक सुरेन्द्र कुमार यादव द्वारा की जा रही है। अभियुक्त की गिरफ्तारी के बाद पुलिस द्वारा मामले में अग्रेतर विधिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तारी करने वाली पुलिस टीम
- दिगम्बर उपाध्याय, थानाध्यक्ष, थाना मण्डुवाडीह
- उ0नि0 सुरेन्द्र कुमार यादव, थाना मण्डुवाडीह
- का0 अतुल कुमार पाण्डेय, थाना मण्डुवाडीह
पुलिस के अनुसार गिरफ्तार अभियुक्त का दर्ज आपराधिक इतिहास फिलहाल इसी मुकदमे मु0अ0सं0 0287/2026, धारा 108 बीएनएस तक है।
