1930 पर एक कॉल ने बचा ली गाढ़ी कमाई! साइबर ठगी के 97,250 रुपये रामनगर पुलिस ने कराए वापस

वाराणसी। साइबर ठगी का शिकार होने के बाद अगर समय रहते शिकायत दर्ज करा दी जाए तो ठगी गई रकम वापस मिलने की उम्मीद बढ़ जाती है। इसका एक उदाहरण वाराणसी के रामनगर थाना क्षेत्र में सामने आया है, जहां पुलिस और साइबर हेल्प डेस्क की तत्परता से एक युवक के 97,250 रुपये वापस उसके बैंक खाते में पहुंच गए।

जानकारी के अनुसार, रामनगर थाना क्षेत्र निवासी विकास यादव 1 जुलाई 2026 को साइबर जालसाजों के झांसे में आ गए थे। शातिर साइबर ठगों ने उनके बैंक खाते से 97,250 रुपये निकाल लिए। खाते से रकम कटने की जानकारी मिलते ही विकास यादव ने बिना समय गंवाए राष्ट्रीय साइबर हेल्पलाइन नंबर 1930 पर कॉल कर शिकायत दर्ज कराई।

समय रहते शिकायत दर्ज होने का असर हुआ और ठगी गई पूरी रकम बैंक स्तर पर होल्ड हो गई। इसके बाद पीड़ित रामनगर थाने पहुंचे और प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा को पूरे मामले की जानकारी दी।

मामले को गंभीरता से लेते हुए प्रभारी निरीक्षक ने रामनगर थाने की साइबर हेल्प डेस्क टीम को कार्रवाई के निर्देश दिए। टीम ने आवश्यक कानूनी प्रक्रिया पूरी कर मामले में तेजी से पैरवी की। पुलिस की कार्रवाई के बाद विकास यादव के खाते से ठगी गई पूरी 97,250 रुपये की रकम वापस करा दी गई।

अपनी मेहनत की कमाई वापस मिलने के बाद विकास यादव ने रामनगर पुलिस, प्रभारी निरीक्षक संजय मिश्रा और साइबर हेल्प डेस्क टीम का आभार जताया।

पुलिस की अपील

रामनगर पुलिस ने लोगों से अपील की है कि साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और शुरुआती समय में शिकायत करने से रकम को होल्ड कराने और वापस दिलाने की संभावना बढ़ जाती है।

TOP

You cannot copy content of this page