वाराणसी। मंडुवाडीह पुलिस ने दुकान में घुसकर सिगरेट, चॉकलेट और नकदी चोरी करने के मामले का खुलासा करते हुए एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से विभिन्न ब्रांड की 170 पैकेट सिगरेट और 3 हजार रुपये नकद बरामद किए हैं।
पुलिस के अनुसार, पुलिस आयुक्त के निर्देश पर चलाए जा रहे अपराध रोकथाम अभियान और ऑपरेशन चक्रव्यूह के तहत मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई की गई। गिरफ्तार आरोपी की पहचान राजू राजभर (19) पुत्र लोहा राजभर, निवासी दुल्लहपुर, थाना बड़ागांव, गाजीपुर, हाल पता अवलेशपुर, थाना चितईपुर, वाराणसी के रूप में हुई है।
आरोपी को रविवार को नाथूपुर से BLW जाने वाले मार्ग से दोपहर 3:20 बजे गिरफ्तार किया गया। मामले में मुकदमा संख्या 321/2026 के तहत बीएनएस की संबंधित धाराओं में केस दर्ज है। पुलिस आगे की विधिक कार्रवाई कर रही है।
