वाराणसी(काशीवार्ता)। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र की रहने वाली एक महिला ने अपने पति, सास और ससुर पर गंभीर प्रताड़ना और अश्लील वीडियो बनाकर ब्लैकमेल करने का आरोप लगाया है। महिला के मुताबिक उसका पति शराब का आदी है और कोई काम नहीं करता। घर का खर्च चलाने के लिए वह खुद घरों में बर्तन साफ करने और खाना बनाने का काम करती थी।
शिकायत के अनुसार पति और सास-ससुर उस पर देह व्यापार शुरू करने का दबाव बनाते थे। महिला ने आरोप लगाया कि विरोध करने पर उसके साथ मारपीट की गई, जिससे वह बेहोश हो गई। इसी दौरान उसके पति ने कथित तौर पर उसके कपड़े उतारकर वीडियो बना लिया।
महिला का आरोप है कि होश में आने के बाद पति और सास-ससुर ने वीडियो दिखाकर धमकी दी कि यदि उसने उनकी बात नहीं मानी तो वीडियो मायके और रिश्तेदारों को भेज दिया जाएगा। डर के कारण महिला 29 अगस्त 2026 को अपनी दोनों बेटियों के साथ पश्चिम बंगाल स्थित मायके चली गई।
महिला के मुताबिक मायके जाने के बाद पति ने कथित अश्लील वीडियो उसके बहनों, जीजा, मामा और अन्य रिश्तेदारों के मोबाइल पर भेज दिया। इसके अलावा फेसबुक पर उसके नाम से कथित फर्जी आईडी बनाकर वीडियो वायरल करने का भी आरोप लगाया गया है।
शिकायत में यह भी आरोप है कि पति फोन पर धमकी देकर वापस आने और देह व्यापार शुरू करने का दबाव बना रहा है। महिला ने आशंका जताई कि वीडियो वायरल कर उसे सामाजिक रूप से बदनाम करने के साथ आत्महत्या के लिए मजबूर किया जा सकता है।
महिला ने मंडुवाडीह पुलिस से पति और सास-ससुर के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की मांग की है। मामले में पुलिस शिकायत के आधार पर जांच और आवश्यक कार्रवाई कर रही है।
