मंडुआडीह में चला चौकी इंचार्ज प्रवीण सचान का हंटर, नो-पार्किंग में दर्जनों वाहनों के चालान

वाराणसी। मंडुआडीह थाना क्षेत्र में यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने के लिए पुलिस ने अभियान चलाया। बौलिया तिराहे से बाटा मोड़ तक चौकी इंचार्ज प्रवीण सचान के नेतृत्व में पुलिस टीम ने सड़क किनारे बेतरतीब और नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ कार्रवाई की।

अभियान के दौरान सड़क पर यातायात में बाधा बन रहे दर्जनों वाहनों के चालान किए गए। पुलिस की कार्रवाई से वाहन चालकों में हड़कंप मचा रहा। कई वाहन चालक पुलिस की कार्रवाई से बचने के लिए अपने वाहन लेकर मौके से हटते नजर आए।

चौकी इंचार्ज प्रवीण सचान ने बताया कि सड़क पर गलत तरीके से वाहन खड़ा करने से अक्सर जाम की स्थिति बनती है और राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ता है। इसी को देखते हुए नो-पार्किंग में खड़े वाहनों के खिलाफ अभियान चलाया गया।

कार्रवाई के दौरान नियमों का उल्लंघन करने वाली एक बस को मौके पर सीज कर दिया गया। पुलिस ने वाहन चालकों को यातायात नियमों का पालन करने और निर्धारित पार्किंग स्थल पर ही वाहन खड़ा करने की हिदायत दी। पुलिस का कहना है कि यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाए रखने के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।

TOP

You cannot copy content of this page