
सोनभद्र। म्योरपुर थाना पुलिस ने गैर इरादतन हत्या के मामले में वांछित आरोपी को मुकदमा दर्ज होने के महज 10 घंटे के भीतर गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त बताई जा रही सफेद रंग की बाल्टी भी बरामद की है।
पुलिस के अनुसार, 15 अगस्त 2026 को थाना म्योरपुर में मु0अ0सं0-98/2026, धारा 105 बीएनएस के तहत मामला दर्ज किया गया था। मामले में वांछित संतलाल पुत्र स्वर्गीय मेहीलाल गोड़, निवासी ग्राम करहिया, थाना म्योरपुर, जनपद सोनभद्र, उम्र करीब 40 वर्ष को पुलिस टीम ने 16 अगस्त की सुबह 8:22 बजे उसके घर से गिरफ्तार किया।
पुलिस अधीक्षक सोनभद्र अभिषेक वर्मा के निर्देशन में चलाए जा रहे अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। अपर पुलिस अधीक्षक ऑपरेशन ऋषभ रुणवाल के दिशा-निर्देशन और क्षेत्राधिकारी दुद्धी विनय प्रभाकर साहनी के नेतृत्व में म्योरपुर पुलिस ने आरोपी की गिरफ्तारी की।
बरामदगी: सफेद रंग की एक बाल्टी, जिसे पुलिस ने आला कत्ल के रूप में दर्ज किया है।
गिरफ्तारी करने वाली टीम में थानाध्यक्ष संतोष कुमार सिंह, उपनिरीक्षक एवं चौकी प्रभारी लिलासी परमानन्द त्रिपाठी, हेड कांस्टेबल प्रमोद कुमार यादव और कांस्टेबल रामजीत बिन्द शामिल रहे।
