वाराणसी। मंडुवाडीह थाना क्षेत्र स्थित बरेका गुमटी मार्केट में चोरों ने दो दुकानों को निशाना बनाकर हजारों रुपये का सामान पार कर दिया। लगातार हो रही चोरी की घटनाओं से दुकानदारों में दहशत का माहौल है।
मिली जानकारी के अनुसार, गुमटी मार्केट की दुकान नंबर 443 में जिगत पांडेय की कपड़े की दुकान है। चोरों ने दुकान का टीन शेड हटाकर अंदर प्रवेश किया और करीब 23 हजार रुपये कीमत के लोअर व अन्य कपड़े चोरी कर लिए। इसके अलावा इसी मार्केट में अजय मिश्रा के गिफ्ट काउंटर को भी चोरों ने निशाना बनाया। चोरों ने बाहर चबूतरे पर रखे काउंटर का ताला तोड़कर उसमें रखे कुछ गिफ्ट आइटम चोरी कर लिए।
दुकानदारों के मुताबिक, क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। इससे पहले भिखारीपुर त्रिमुहानी स्थित नंदलाल पान भंडार में भी चोरी की घटना सामने आई थी। लगातार हो रही वारदातों से व्यापारियों में सुरक्षा को लेकर चिंता बढ़ गई है।
दोनों दुकानदारों ने घटना की तहरीर पुलिस को दे दी है। पुलिस मामले की जांच कर चोरों की तलाश में जुटी है।
