महेशपुर की 25 हजार आबादी को मिलेगी बड़ी राहत! सिक्स लेन पर फुट ओवरब्रिज की कवायद तेज, PWD ने चिन्हित की जगह

वाराणसी। मंडुवाडीह वार्ड के महेशपुर क्षेत्र के करीब 25 हजार लोगों के लिए राहत भरी खबर है। सिक्स लेन सड़क बनने के बाद सड़क पार करने के लिए करीब दो किलोमीटर से अधिक का चक्कर लगाने की मजबूरी और तेज रफ्तार वाहनों के बीच जान जोखिम में डालकर सड़क पार करने की समस्या को देखते हुए अब महेशपुर में फुट ओवरब्रिज बनाने की दिशा में कदम बढ़ा दिए गए हैं।

स्थानीय लोगों की इस गंभीर समस्या को समाचार पत्रों में प्रमुखता से प्रकाशित किए जाने के बाद शिवपुर विधानसभा क्षेत्र के विधायक एवं प्रदेश सरकार के कैबिनेट मंत्री अनिल राजभर ने मामले को संज्ञान में लिया। मंत्री ने प्रमुख सचिव से संपर्क कर महेशपुर में फुट ओवरब्रिज निर्माण की पहल की। इसी क्रम में गुरुवार को पीडब्ल्यूडी की टीम ने महेशपुर पहुंचकर प्रस्तावित फुट ओवरब्रिज के लिए स्थल का निरीक्षण किया।

एक्सईएन पीडी पीडब्ल्यूडी केके सिंह और सहायक अभियंता आयुषी सिंह के नेतृत्व में अधिकारियों की टीम ने मंडुवाडीह वार्ड के पार्षद राजेश कन्नौजिया के साथ मौके का जायजा लिया। एक्सईएन केके सिंह ने बताया कि मंत्री अनिल राजभर के निर्देश पर प्रमुख सचिव स्तर से महेशपुर में सिक्स लेन सड़क के दोनों छोर को फुट ओवरब्रिज के जरिए जोड़ने की योजना को स्वीकृति दी गई है।

कहां बनेगा फुट ओवरब्रिज, अभी चल रहा मंथन

पीडब्ल्यूडी अधिकारियों के सामने अब सबसे बड़ी चुनौती फुट ओवरब्रिज के लिए उपयुक्त स्थान का चयन करना है। अधिकारियों का कहना है कि ऐसी जगह का चयन किया जाएगा, जिससे सड़क की अन्य कार्ययोजनाएं प्रभावित न हों और अधिक से अधिक लोगों को इसका लाभ मिल सके। फिलहाल संभावित स्थानों को लेकर मंथन जारी है और जल्द ही अंतिम स्थान तय किए जाने की उम्मीद है।

खास बात यह है कि फुट ओवरब्रिज को इस तरह तैयार करने की योजना पर भी विचार किया जा रहा है कि बाइक सवार भी अपनी बाइक लेकर उसे पार कर सकें। इससे स्थानीय लोगों को सड़क के आर-पार आने-जाने में काफी सहूलियत मिलने की उम्मीद है।

सिक्स लेन बनी राहत या रोज का खतरा?

महेशपुर के स्थानीय लोगों का कहना है कि सिक्स लेन सड़क बनने के बाद आवागमन तो तेज हुआ, लेकिन घनी आबादी वाले क्षेत्र में सुरक्षित तरीके से सड़क पार करना बड़ी चुनौती बन गया है। सड़क के दोनों ओर रेलिंग लगा दी गई है, लेकिन करीब दो किलोमीटर के दायरे में सुरक्षित यू-टर्न या फुट ओवरब्रिज नहीं होने से लोग परेशान हैं।

सबसे ज्यादा चिंता स्कूली बच्चों की सुरक्षा को लेकर है। महेशपुर में सिक्स लेन के दोनों ओर आधा दर्जन से अधिक स्कूल हैं, जहां बड़ी संख्या में बच्चे पढ़ते हैं। आरोप है कि सुरक्षित रास्ता नहीं होने के कारण सुबह-शाम बच्चों समेत स्थानीय लोगों को रेलिंग पार कर तेज रफ्तार वाहनों के बीच से सड़क पार करनी पड़ती है।

करीब 25 हजार की आबादी को रोजमर्रा के कामों के लिए सड़क के दोनों ओर आना-जाना पड़ता है। ऐसे में लोगों के सामने दो किलोमीटर से अधिक का चक्कर लगाने या फिर जोखिम उठाकर सड़क पार करने की मजबूरी बनी हुई है।

स्थानीय लोगों ने जताया आभार

फुट ओवरब्रिज निर्माण की पहल पर क्षेत्रवासियों ने खुशी जताई है। स्मिता शर्मा, श्रीकांत पटेल, नंदलाल पटेल, नीरज पटेल और सुरेंद्र सिंह समेत अन्य स्थानीय लोगों ने मंत्री अनिल राजभर और पार्षद राजेश कन्नौजिया का आभार जताते हुए कहा कि यदि जल्द फुट ओवरब्रिज बन जाता है तो महेशपुर के हजारों लोगों, खासकर स्कूली बच्चों को बड़ी राहत मिलेगी।

पीडब्ल्यूडी के अधिकारियों के अनुसार जमीनी तैयारियां तेजी से आगे बढ़ाई जा रही हैं और स्थान का अंतिम चयन जल्द किया जाएगा।

TOP

You cannot copy content of this page