राज्यपाल के वाराणसी दौरे पर ट्रैफिक अलर्ट! 27 से 29 जुलाई तक कई प्रमुख मार्गों पर रहेगा डायवर्जन, घर से निकलने से पहले पढ़ें पूरी एडवाइजरी

वाराणसी। उत्तर प्रदेश की राज्यपाल के 27 से 29 जुलाई 2026 तक प्रस्तावित वाराणसी दौरे को लेकर यातायात पुलिस कमिश्नरेट ने व्यापक ट्रैफिक एडवाइजरी जारी की है। वीवीआईपी मूवमेंट के दौरान शहर के कई प्रमुख मार्गों पर यातायात रोक और डायवर्जन लागू रहेगा। पुलिस ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे यात्रा से पहले वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें और अत्यंत आवश्यक होने पर ही वीवीआईपी रूट पर निकलें।

यातायात पुलिस के अनुसार बाबतपुर एयरपोर्ट, हरहुआ, तरना, गिलट बाजार, भोजूबीर, सर्किट हाउस, गोलघर, पुलिस लाइन, चौकाघाट, तेलियाबाग, मलदहिया, इंग्लिशिया लाइन, साजन तिराहा, सिगरा, रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, राजघाट, पड़ाव, रामनगर, आशियाना, मिंट हाउस, इंडिया होटल और नदेसर सहित कई प्रमुख चौराहों एवं तिराहों पर वीवीआईपी आगमन और प्रस्थान के समय वाहनों का संचालन अस्थायी रूप से रोका जाएगा तथा उन्हें वैकल्पिक मार्गों से भेजा जाएगा।

इसके अलावा सूजाबाद पुलिस चौकी क्षेत्र से वीवीआईपी मूवमेंट के तीन घंटे पहले सभी मालवाहक वाहनों का संचालन भी बंद रहेगा। ट्रैफिक पुलिस ने नागरिकों से अतिरिक्त समय लेकर यात्रा करने तथा पुलिस द्वारा बताए गए डायवर्जन का पालन करने की अपील की है।

किसी भी प्रकार की सहायता या जानकारी के लिए ट्रैफिक कंट्रोल रूम: +91-7839856994 तथा ट्रैफिक हेल्पलाइन: +91-7317202020 पर संपर्क किया जा सकता है। यातायात पुलिस ने कहा है कि नागरिकों के सहयोग से ही वीवीआईपी कार्यक्रम को सुरक्षित और सुचारु रूप से संपन्न कराया जा सकेगा।

TOP

You cannot copy content of this page