
लखनऊ। काशी के पत्रकारों के स्वास्थ्य, सुरक्षा और कल्याण से जुड़े महत्वपूर्ण मुद्दे अब मुख्यमंत्री तक पहुँच गए हैं। बुधवार को पत्रकार सुरेश गांधी ने प्रदेश के स्टाम्प एवं न्यायालय शुल्क मंत्री रविंद्र जायसवाल के साथ मुख्यमंत्री से मुलाकात कर विस्तृत मांग पत्र सौंपा। इस दौरान पूर्व एमएलसी चेतनारायण सिंह और पूर्व विधायक सुरेंद्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
ज्ञापन में वाराणसी के पत्रकारों को आयुष्मान भारत योजना का लाभ देने, विशेष पत्रकार स्वास्थ्य सुरक्षा कार्ड लागू करने, वरिष्ठ पत्रकारों के लिए सम्मानजनक पेंशन योजना शुरू करने तथा पत्रकारों की सुरक्षा के लिए प्रभावी तंत्र विकसित करने की मांग प्रमुखता से उठाई गई। इसके साथ ही पत्रकार आवास योजना को लागू करने और पत्रकारिता की ऐतिहासिक धरोहरों के संरक्षण का विषय भी रखा गया।
मुलाकात के दौरान ‘एक देश-एक पत्रकार पहचान’ का मुद्दा भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखा गया। इस पर मुख्यमंत्री ने कहा कि यह राष्ट्रीय स्तर का विषय है और इस पर केंद्र सरकार के स्तर पर विचार किया जाना अपेक्षित है। वहीं पत्रकारों की स्वास्थ्य सुरक्षा और कल्याण से जुड़े प्रस्तावों पर सकारात्मक कार्रवाई का आश्वासन दिया।
स्टाम्प मंत्री रविंद्र जायसवाल ने कहा कि पत्रकार लोकतंत्र का मजबूत स्तंभ हैं और उनकी सुरक्षा, सम्मान तथा सामाजिक सुरक्षा सुनिश्चित करना आवश्यक है।
पत्रकार सुरेश गांधी ने कहा कि बड़ी संख्या में पत्रकार आज भी स्वास्थ्य और सामाजिक सुरक्षा जैसी मूलभूत सुविधाओं से वंचित हैं। उन्होंने पत्रकारों के लिए स्थायी सुरक्षा कवच और कल्याणकारी योजनाओं को समयबद्ध तरीके से लागू करने की आवश्यकता पर जोर दिया।
मुख्यमंत्री के आश्वासन के बाद काशी के पत्रकारों ने उम्मीद जताई है कि स्वास्थ्य सुरक्षा, पेंशन, आवास और अन्य कल्याणकारी मांगों पर जल्द ही ठोस निर्णय लिया जाएगा।
