नर्सरी के बच्चे का टीचर ने प्राइवेट-पार्ट जलाया

वाराणसी (काशीवार्ता)। लालपुर -पांडेयपुर थानाक्षेत्र के अकथा स्थित एक निजी स्कूल में नर्सरी में पढ़ने वाले 5 साल के बच्चे का प्राइवेट पार्ट उसकी ही टीचर ने जला दिया। परिवार ने स्कूल में शिकायत की तो प्रिंसिपल ने देख लेने की धमकी भी दी। बच्चे के पिता ने पुलिस से शिकायत की है। पुलिस ने बच्चे को मेडिकल जांच के लिए जिला अस्पताल भेजा है। बच्चे के पिता केशरी जायसवाल के अनुसार बेटे को पेशाब लगा था। उसने टीचर से बाथरूम जाने को कहा पर उन्होंने जाने नहीं दिया। जिसके बाद उसने पैंट में ही  पेशाब कर दिया। इस पर गुस्से में उन्होंने उसका प्राईवेट पार्ट चाकू गर्म करके जला दिया। अस्तित्व जायसवाल (5) के पिता केशरी जायसवाल ने पुलिस को बताया कि  मेरा बेटा कक्षा नर्सरी में अकथा स्थित एक निजी स्कूल में पढता है। 24 जुलाई को बच्चा स्कूल गया था। वहां से घर लौटा तो उसने अपने प्राइवेट पार्ट में दर्द होने की बात कही। पत्नी ने उसे चेक किया तो उसके प्राइवेट पार्ट पर छाला पड़ा हुआ था। उन्होंने बेटे से पूछा तो उसने बताया कि उसकी टीचर प्रीति कुशवाह ने ऐसा किया है।

 केशरी जायसवाल ने बताया इसके बाद मेरी पत्नी ने फौरन प्रिंसपल से फोन पर बात की तो उन्होंने धमकी दी की जो करना है कर लो। मेरा कोई कुछ बिगाड़ नहीं सकता। आज सुबह  मै, पत्नी और बच्चा स्कूल पहुंचे और प्रिंसिपल और प्रबंधक से मुलाकात किया तो उन्होंने कहा कि आप को जो करना है, कर लीजिये। केशरी के अनुसार, बच्चा काफी डरा हुआ है और स्कूल जाने को तैयार नहीं है। ऐसे में पुलिस से गुहार लगाईं है। लालपुर-पांडेयपुर इंस्पेक्टर ने बताया कि तहरीर मिली है, तहरीर के आधार पर जांच की जा रही है। दोषियों के विरुद्ध कड़ी कार्रवाई की जाएगी। बच्चे को मेडिकल के लिए दीनदयाल अस्पताल भेजा गया है।

TOP

You cannot copy content of this page