कबाड़ की दुकान में बिक रही थी रेलवे की चोरी की संपत्ति, RPF ने मारा छापा; चोर और रिसीवर दोनों गिरफ्तार

वाराणसी। रेलवे की संपत्ति चोरी कर कबाड़ में खपाने वाले गिरोह के खिलाफ RPF ने बड़ी कार्रवाई की है। वरिष्ठ मंडल सुरक्षा आयुक्त, वाराणसी के निर्देशन में RPF पोस्ट बनारस और CIB/RPF वाराणसी की संयुक्त टीम ने मुखबिर की सूचना पर चौकाघाट स्थित पानी की टंकी के पास एक कबाड़ की दुकान पर छापेमारी कर रेलवे की चोरी की संपत्ति बेचने वाले युवक और उसे खरीदने वाले कबाड़ कारोबारी को रंगे हाथ गिरफ्तार किया।

गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शाहरुख पुत्र गयासुद्दीन (23 वर्ष) निवासी सीताराम मोहल्ला, थाना कोतवाली, आजमगढ़ के रूप में हुई है। पुलिस के अनुसार शाहरुख चोरी की रेल संपत्ति बेचने का काम करता था। वहीं दूसरे आरोपी की पहचान सुनील कुमार गुप्ता पुत्र महंगी लाल गुप्ता (38 वर्ष) निवासी नक्खीघाट दनियालपुर, थाना सारनाथ, वाराणसी के रूप में हुई है, जो कबाड़ व्यवसायी और चोरी की संपत्ति का रिसीवर बताया गया है।

कबाड़ की दुकान से मिला रेलवे का सामान

छापेमारी के दौरान टीम ने आरोपियों के कब्जे से 05 नग Bib Cock Lota Tap, 02 नग Bib Cock और 05 नग ERC Pandrol Clip बरामद किए। बरामद रेल संपत्ति की अनुमानित कीमत करीब ₹17,750 बताई गई है।

रेलवे संपत्ति की चोरी और उसकी खरीद-फरोख्त के मामले में RPF ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मुकदमा अपराध संख्या 06/2026, धारा 3 रेलवे संपत्ति (अवैध कब्जा) अधिनियम के तहत 24 जुलाई 2026 को अभियोग पंजीकृत किया है।

संयुक्त टीम ने की कार्रवाई

कार्रवाई में SIPF जय प्रकाश यादव, ASI शिशु कुमार हेमंत, HC जितेंद्र राय, CT हरेंद्र यादव, CT घुरहू यादव, CT रमेश यादव और CT शिव प्रसाद सोनी (CIB वाराणसी) शामिल रहे। मामले की विवेचना SI सुमन यादव, RPF पोस्ट बनारस द्वारा की जा रही है।

RPF ने लोगों से अपील की है कि रेल संपत्ति राष्ट्र की संपत्ति है। रेलवे से जुड़ी किसी भी संदिग्ध गतिविधि की जानकारी तत्काल RPF हेल्पलाइन 139 पर दें।

TOP

You cannot copy content of this page