शिवपुर में पुलिस मुठभेड़: चेन स्नैचर बदमाश गोली लगने से घायल, तमंचा और लूट के रुपये बरामद

वाराणसी के शिवपुर थाना क्षेत्र में शुक्रवार तड़के पुलिस और बदमाश के बीच हुई मुठभेड़ में एक शातिर चेन स्नैचर घायल हो गया। पुलिस ने उसके कब्जे से अवैध तमंचा, कारतूस, लूट के रुपये और घटना में प्रयुक्त बिना नंबर प्लेट की टीवीएस अपाचे बाइक बरामद की है। घायल बदमाश की पहचान बादल साहनी पुत्र अनिल साहनी निवासी किरहिया थाना भेलूपुर के रूप में हुई है।

पुलिस के अनुसार प्रभारी निरीक्षक अजीत कुमार वर्मा अपनी टीम के साथ रिंग रोड सिंधौरा-चांदमारी अंडरपास के पास संदिग्ध वाहनों की चेकिंग कर रहे थे। इसी दौरान बिना नंबर प्लेट की बाइक पर सवार एक युवक आता दिखाई दिया। पुलिस ने उसे रोकने का प्रयास किया तो वह भागने लगा। पीछा करने पर उसकी बाइक फिसलकर गिर गई, जिसके बाद उसने पुलिस टीम पर तमंचे से फायरिंग कर दी।

पुलिस ने आत्मरक्षा में जवाबी कार्रवाई की, जिसमें बदमाश के पैर में गोली लग गई। तलाशी में उसके पास से .15 बोर का अवैध तमंचा, एक फायरशुदा खोखा, एक जिंदा कारतूस और 3630 रुपये नकद बरामद हुए।

पूछताछ में आरोपी ने कबूल किया कि उसने अपने साथी अमन यादव के साथ मिलकर 30 अप्रैल 2026 को शिवपुर स्थित विश्वनाथपुरी कॉलोनी में एक महिला से चेन लूट की थी। लूटी गई चेन को ज्वैलर्स के यहां बेच दिया गया था और मिले पैसों का कुछ हिस्सा नशे में खर्च कर दिया गया। आरोपी ने यह भी बताया कि दोनों बिना नंबर प्लेट की बाइक से वारदात को अंजाम देते थे।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज कर घायल बदमाश को उपचार के लिए पंडित दीनदयाल उपाध्याय राजकीय चिकित्सालय भेज दिया है।

TOP

You cannot copy content of this page