कोलकाता। आम नागरिकों को ट्रैफिक संबंधी समस्याओं का त्वरित समाधान उपलब्ध कराने के उद्देश्य से कोलकाता ट्रैफिक पुलिस ने नई वन-स्टॉप ट्रैफिक हेल्पलाइन 1073 शुरू की है। “डल्ली उं’’, अ’’ ऌी’स्र” के स्लोगन के साथ शुरू की गई यह टोल-फ्री हेल्पलाइन 24 घंटे, सप्ताह के सातों दिन सक्रिय रहेगी।
इस हेल्पलाइन के माध्यम से लोग सड़क दुर्घटना, ट्रैफिक जाम, पार्किंग संबंधी शिकायत, सड़कों की स्थिति, मार्ग संबंधी जानकारी तथा अन्य आपातकालीन ट्रैफिक सेवाओं के लिए सीधे संपर्क कर सकेंगे। अब किसी भी ट्रैफिक समस्या के समाधान के लिए अलग-अलग नंबर खोजने की आवश्यकता नहीं होगी। केवल 1073 पर एक कॉल कर तत्काल सहायता प्राप्त की जा सकेगी।
कोलकाता ट्रैफिक पुलिस के अनुसार, इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को तेज़, सुरक्षित और प्रभावी ट्रैफिक सहायता उपलब्ध कराना है। हेल्पलाइन के माध्यम से शिकायतों का शीघ्र निस्तारण करने के साथ-साथ लोगों को वास्तविक समय में आवश्यक ट्रैफिक जानकारी भी उपलब्ध कराई जाएगी।
शहर की बढ़ती यातायात आवश्यकताओं को देखते हुए शुरू की गई यह सेवा कोलकाता की ट्रैफिक व्यवस्था को अधिक सुव्यवस्थित, सुरक्षित और नागरिक-अनुकूल बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम मानी जा रही है। अधिकारियों ने लोगों से अपील की है कि ट्रैफिक से जुड़ी किसी भी समस्या या आपात स्थिति में बिना संकोच 1073 पर संपर्क करें।
