काशी यात्रा बनी आखिरी सफर! होटल में अचानक बिगड़ी श्रद्धालु की तबीयत, अस्पताल पहुंचते ही डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

वाराणसी। धार्मिक नगरी काशी की यात्रा पर आए ओडिशा के एक श्रद्धालु के लिए यह सफर उनकी जिंदगी का आखिरी पड़ाव बन गया। मंडुवाडीह क्षेत्र स्थित होटल में ठहरे 54 वर्षीय श्रद्धालु की अचानक तबीयत बिगड़ गई। साथियों ने बिना देर किए उन्हें एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया, लेकिन चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। घटना से उनके साथ आए श्रद्धालुओं में शोक की लहर दौड़ गई।

मिली जानकारी के अनुसार मृतक की पहचान विश्वजी साहू (54) पुत्र लक्ष्मीकांत साहू, निवासी फिरंगिया थाना, जिला कंधमाल (ओडिशा) के रूप में हुई है। वह करीब 94 सदस्यीय श्रद्धालुओं के दल के साथ 22 जुलाई को वाराणसी पहुंचे थे और मंडुवाडीह स्थित होटल श्रीगो कंचन में ठहरे हुए थे।

गुरुवार को उनकी अचानक तबीयत बिगड़ने पर साथियों ने तत्काल 108 एंबुलेंस सेवा की मदद ली। एंबुलेंस चालक दीपक रंजन साहू उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, काशी विद्यापीठ लेकर पहुंचे। अस्पताल में मौजूद चिकित्सकों ने परीक्षण के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।

घटना की सूचना मिलते ही मंडुवाडीह पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने मृतक के परिजनों को दूरभाष के माध्यम से घटना की जानकारी दी। इसके बाद पंचनामा की प्रक्रिया पूरी कर शव को शिवपुर स्थित मोर्चरी हाउस भेज दिया गया।

पुलिस के अनुसार प्रथम दृष्टया मामला बीमारी के कारण हुई मौत का प्रतीत होता है। हालांकि मृत्यु का वास्तविक कारण पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगा। फिलहाल पुलिस अग्रिम विधिक कार्रवाई में जुटी है। घटना के बाद होटल परिसर और आसपास का माहौल शांतिपूर्ण बना रहा, जबकि मृतक के साथ आए श्रद्धालु गहरे सदमे में हैं।

TOP

You cannot copy content of this page