खेलते-खेलते मासूम पर टूटा पड़ोसी का कहर! 11 वर्षीय बच्चे को उठाकर जमीन पर पटका, गंभीर मारपीट के आरोप में केस दर्ज

वाराणसी। भेलूपुर थाना क्षेत्र के जक्खा बजरडीहा इलाके में एक 11 वर्षीय बच्चे के साथ कथित मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि घर के बाहर खेल रहे मासूम को पड़ोस में रहने वाले युवक ने बिना किसी वजह के पहले पीटा और फिर उसे उठाकर जमीन पर पटक दिया। घटना में बच्चे को चोटें आई हैं। पीड़ित के पिता की शिकायत पर पुलिस ने आरोपी के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

जानकारी के अनुसार जक्खा बजरडीहा निवासी रिंकू कुमार बिंद का 11 वर्षीय बेटा गुरुवार को अपने घर के बाहर अन्य बच्चों के साथ खेल रहा था। इसी दौरान पड़ोस में रहने वाला कान्हा बिंद वहां पहुंचा और बिना किसी कारण बच्चे के साथ मारपीट करने लगा। आरोप है कि मारपीट के दौरान उसने बच्चे को उठाकर जोर से जमीन पर पटक दिया, जिससे उसे चोटें आईं और वह दर्द से तड़प उठा।

घटना के बाद परिजन बच्चे को लेकर पुलिस के पास पहुंचे और पूरे मामले की शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के आधार पर भेलूपुर पुलिस ने आरोपी कान्हा बिंद के खिलाफ संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर लिया है।

पुलिस का कहना है कि मामले की जांच की जा रही है। जांच में सामने आने वाले तथ्यों और साक्ष्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी। घटना के बाद क्षेत्र में चर्चा का माहौल है और परिजन आरोपी के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग कर रहे हैं।

TOP

You cannot copy content of this page