शादी की जिद में युवक चढ़ा बिजली के टावर पर, 8 दिन में तीसरी घटना से हड़कंप

बलिया। जिले में प्रेम प्रसंग से जुड़ी एक और हैरान करने वाली घटना सामने आई है। आठ दिन के भीतर टावर पर चढ़ने का यह तीसरा मामला है। नगरा थाना क्षेत्र के एक गांव में मंगलवार सुबह एक युवक अपनी प्रेमिका से शादी कराने की जिद को लेकर सड़क किनारे खेत में लगे करीब 80 फीट ऊंचे बिजली के टावर पर चढ़ गया और जोर-जोर से चिल्लाने लगा। युवक को टावर पर चढ़ा देख आसपास के लोगों में अफरा-तफरी मच गई। ग्रामीणों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।

सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक को समझाने का प्रयास किया। काफी देर तक चली समझाइश के बाद युवक किसी तरह टावर से नीचे उतर आया। पुलिस ने उसे हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। युवक का कहना है कि यदि उसकी शादी उस युवती से नहीं कराई गई तो वह अपनी जान दे देगा।

बताया जा रहा है कि नगरा क्षेत्र के इसी गांव की एक युवती से युवक का करीब दो साल से प्रेम प्रसंग चल रहा था। दोनों शादी करना चाहते थे, लेकिन युवती के परिजनों को जब इसकी जानकारी हुई तो उन्होंने इसका विरोध किया और युवती पर कड़ी निगरानी लगा दी। इससे आहत होकर युवक ने यह कदम उठा लिया।

गौरतलब है कि जिले में हाल के दिनों में ऐसी घटनाएं तेजी से बढ़ी हैं। 13 अप्रैल को सुखपुरा क्षेत्र में एक युवती शादी की जिद में टावर पर चढ़ गई थी, जिसे बाद में समझाकर नीचे उतारा गया और दोनों की शादी भी करा दी गई। वहीं 19 अप्रैल को बांसडीह क्षेत्र में एक किशोर भी बात कराने की जिद में बिजली के टावर पर चढ़ गया था।

TOP

You cannot copy content of this page