वाराणसी में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के प्रस्तावित आगमन को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। इसी क्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ अपने दो दिवसीय दौरे पर मंगलवार को वाराणसी पहुंचे और कार्यक्रम स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। मुख्यमंत्री का काफिला सबसे पहले बनारस रेल इंजन कारखाना (बरेका) परिसर पहुंचा, जहां उन्होंने प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम की तैयारियों का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मुख्यमंत्री ने हेलिपैड स्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और अधिकारियों से सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन तथा अन्य जरूरी व्यवस्थाओं की जानकारी ली। इसके बाद उन्होंने बरेका स्थित इंटर कॉलेज मैदान का भी दौरा किया, जहां प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी महिलाओं को संबोधित करने वाले हैं। मुख्यमंत्री ने मंच, बैठक व्यवस्था, प्रवेश और निकास मार्ग सहित पूरे कार्यक्रम स्थल की तैयारियों की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि कार्यक्रम के दौरान सुरक्षा, साफ-सफाई और आमजन की सुविधा का विशेष ध्यान रखा जाए। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री के दौरे को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही नहीं होनी चाहिए और सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूरी कर ली जाएं।
निरीक्षण के बाद मुख्यमंत्री का काफिला बरेका गेस्ट हाउस पहुंचा, जहां उन्होंने कुछ समय अधिकारियों के साथ बैठक कर तैयारियों पर चर्चा की। इसके बाद मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ वहां से सर्किट हाउस के लिए रवाना हो गए।
प्रधानमंत्री के प्रस्तावित दौरे को लेकर जिला प्रशासन, पुलिस और अन्य विभागों के अधिकारी तैयारियों को अंतिम रूप देने में जुटे हुए हैं।
