
वाराणसी। बड़ागांव थाना क्षेत्र के हरहुआ रिंग रोड चौराहे पर शुक्रवार देर रात एक दर्दनाक सड़क हादसे ने इलाके में सनसनी फैला दी। करीब रात 1:30 बजे मारुति ब्रेजा और टाटा पंच की आमने-सामने हुई भीषण टक्कर में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि टाटा पंच करीब 50 फीट तक पलटते हुए खिलाड़ियों के लिए बने रैम्प में जाकर फंस गई। प्रत्यक्षदर्शियों का कहना है कि यदि कार आगे बढ़ जाती तो हादसा और भी भयावह हो सकता था।

हादसे की सूचना मिलते ही बड़ागांव पुलिस मौके पर पहुंची। स्थानीय लोगों की मदद से दोनों कारों में फंसे घायलों को बाहर निकाला गया और एंबुलेंस से हरहुआ प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र भेजा गया। चिकित्सकों ने प्राथमिक उपचार के बाद सभी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें बीएचयू ट्रॉमा सेंटर रेफर कर दिया।
पुलिस के अनुसार मारुति ब्रेजा में सवार प्रशांत कुमार शाह निवासी मौढ़ेला (थाना लोहता), यथार्थ गोस्वामी निवासी भुल्लनपुर (मडुवाडीह) और मनीष पांडेय निवासी सुंदरपुर घायल हुए। वहीं टाटा पंच में सवार वैभव चौरसिया और जय चौरसिया, निवासी बुंदेलखंडी (कोतवाली, मिर्जापुर), भी गंभीर रूप से घायल हो गए।
हादसे के बाद दोनों वाहन बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए और उनके पुर्जे सड़क पर दूर-दूर तक बिखर गए। दुर्घटना के चलते कुछ समय के लिए चौराहे पर यातायात बाधित रहा। पुलिस ने क्रेन की मदद से क्षतिग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात सुचारु कराया।
बड़ागांव पुलिस ने बताया कि सभी घायलों का उपचार ट्रॉमा सेंटर में जारी है। परिजनों को घटना की सूचना दे दी गई है। मामले की जांच की जा रही है और तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।
।
