वाराणसी में वित्त मंत्री का औचक एक्शन! खुले गड्ढे देख भड़के सुरेश खन्ना, अधिकारियों को सर्किट हाउस तलब कर लगाई फटकार

रामनगर (वाराणसी)। उत्तर प्रदेश सरकार के वित्त एवं संसदीय कार्य मंत्री सुरेश खन्ना ने शनिवार को कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव के साथ रामनगर क्षेत्र का औचक निरीक्षण कर विकास कार्यों और जनसुविधाओं का जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान लापरवाही सामने आने पर उन्होंने संबंधित अधिकारियों को कड़ी फटकार लगाते हुए तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए।

दौरे की शुरुआत वित्त मंत्री ने पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय लाल बहादुर शास्त्री की प्रतिमा पर माल्यार्पण कर श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ की। इसके बाद वह साहित्य नाका क्षेत्र के बघेली टोला स्थित दलित बस्ती पहुंचे, जहां स्थानीय लोगों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं। क्षेत्रवासियों ने सड़क, बिजली, पानी और अन्य बुनियादी सुविधाओं से जुड़ी दिक्कतें मंत्री के सामने रखीं। इस पर उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी शिकायतों का प्राथमिकता के आधार पर जल्द और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए।

निरीक्षण के दौरान जब वित्त मंत्री रामनगर किला के पास बैंक ऑफ बड़ौदा वाली गली पहुंचे तो वहां विद्युत लाइन बिछाने के बाद सड़क पर खुले छोड़े गए गड्ढों को देखकर नाराज हो गए। उन्होंने इसे गंभीर लापरवाही बताते हुए संबंधित अधिकारियों को तत्काल सर्किट हाउस तलब किया और जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जनता की सुरक्षा सर्वोपरि है।

वित्त मंत्री सुरेश खन्ना ने कहा कि वाराणसी कैंट क्षेत्र का समग्र विकास और प्रदेश के प्रत्येक नागरिक तक बेहतर जनसुविधाएं पहुंचाना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने अधिकारियों को निर्देश दिया कि विकास कार्यों की गुणवत्ता से कोई समझौता न किया जाए और सभी योजनाओं का लाभ समय पर जनता तक पहुंचे।

कैंट विधायक सौरभ श्रीवास्तव ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में वह क्षेत्र के विकास और जनता की सेवा के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जनहित के हर कार्य को प्राथमिकता देना और लोगों की समस्याओं का त्वरित समाधान कराना उनका संकल्प है।

निरीक्षण के दौरान सृजन श्रीवास्तव, मंडल अध्यक्ष प्रीति सिंह, संतोष द्विवेदी, मधुकर, अशोक जायसवाल, जितेंद्र पांडे, रितेश राय, लल्लन सोनकर, रितेश पाल, राजकुमार सिंह, उदय श्रीवास्तव, अनिरुद्ध कनौजिया, विवेक मिश्रा सहित बड़ी संख्या में जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

TOP

You cannot copy content of this page