श्रावण और कांवड़ यात्रा पर सीएम योगी सख्त: अफवाह, मिलावट और ओवररेटिंग पर होगी कड़ी कार्रवाई, हर जिले को दिए सख्त निर्देश

लखनऊ। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आगामी श्रावण मास, कांवड़ यात्रा, श्रावणी शिवरात्रि, चेहल्लुम, रक्षाबंधन, स्वतंत्रता दिवस और बरावफात जैसे प्रमुख पर्वों को लेकर प्रदेश के सभी अधिकारियों को सतर्क रहने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने स्पष्ट कहा कि कांवड़ यात्रा के दौरान प्रत्येक श्रद्धालु की सुरक्षा, सुविधा और सम्मान सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। किसी भी प्रकार की लापरवाही, अव्यवस्था, अफवाह, मिलावट या ओवररेटिंग बर्दाश्त नहीं की जाएगी।

मुख्यमंत्री ने शुक्रवार को अपने सरकारी आवास से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से प्रदेश के सभी पुलिस आयुक्तों, मंडलायुक्तों, जिलाधिकारियों और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षकों के साथ कानून-व्यवस्था, कांवड़ यात्रा, मेलों और बाढ़ प्रबंधन की समीक्षा की। इस दौरान उन्होंने सभी जिलों में एक जैसी और प्रभावी व्यवस्थाएं सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सीएम योगी ने कहा कि कांवड़ यात्रा अब केवल पश्चिमी उत्तर प्रदेश तक सीमित नहीं रह गई है, बल्कि रुहेलखंड, ब्रज, बुंदेलखंड, अवध, पूर्वांचल और पूरे प्रदेश में लाखों श्रद्धालु इसमें भाग लेते हैं। इसलिए प्रत्येक जनपद में व्यवस्थाओं का स्तर समान होना चाहिए। प्रशासन कांवड़ संघों के साथ लगातार संवाद बनाए रखे और शिविर संचालकों का समय से सत्यापन सुनिश्चित करे।

मुख्यमंत्री ने निर्देश दिए कि कांवड़ मार्गों की क्षतिग्रस्त सड़कों की तत्काल मरम्मत कराई जाए। मार्गों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, स्वच्छता, पेयजल, शौचालय, चिकित्सा शिविर और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध रहें। स्वास्थ्य विभाग एंटी वेनम, एंटी रैबीज इंजेक्शन सहित सभी जरूरी दवाओं की पर्याप्त व्यवस्था रखे। प्रमुख घाटों पर महिलाओं के लिए चेंजिंग रूम बनाए जाएं और सार्वजनिक उद्घोषणा प्रणाली के माध्यम से श्रद्धालुओं को आवश्यक जानकारी दी जाए।

खाद्य सुरक्षा को लेकर मुख्यमंत्री ने विशेष सख्ती बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और मदिरा की दुकानें बंद रहें। खाद्य पदार्थों में मिलावट, गंदगी और ओवररेटिंग की शिकायत किसी भी हालत में नहीं मिलनी चाहिए। अधिकारी नियमित निरीक्षण करें और दोषियों के खिलाफ तत्काल कार्रवाई करें। प्रत्येक दुकान पर संचालक का नाम स्पष्ट रूप से प्रदर्शित किया जाए तथा डीजे की आवाज निर्धारित मानकों के अनुरूप ही रहे।

मुख्यमंत्री ने सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाने, संवेदनशील स्थानों पर सीसीटीवी कैमरों और ड्रोन से निगरानी करने तथा संदिग्ध व्यक्तियों पर विशेष नजर रखने के निर्देश दिए। सोशल मीडिया पर फैलने वाली फर्जी खबरों और अफवाहों का तुरंत खंडन किया जाए तथा सामाजिक सौहार्द बिगाड़ने वालों के खिलाफ कठोर कार्रवाई सुनिश्चित की जाए।

बैठक में मुख्यमंत्री ने प्रदेश में बढ़ते जलस्तर और संभावित बाढ़ की स्थिति की भी समीक्षा की। उन्होंने बाढ़ और कटान प्रभावित क्षेत्रों में पहले से सभी आवश्यक तैयारियां पूरी रखने तथा घाटों पर सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के निर्देश दिए।

इसके अलावा मुख्यमंत्री ने अधिकारियों को अगले दो से तीन दिनों के भीतर स्थानीय जनप्रतिनिधियों के साथ बैठक कर शासन के कार्यक्रमों और स्थानीय मुद्दों पर चर्चा करने को कहा। उन्होंने राजस्व वादों का समयबद्ध निस्तारण, चकबंदी विवादों के निष्पक्ष समाधान, भ्रष्टाचार की शिकायत मिलने पर जिला पूर्ति अधिकारियों के खिलाफ तत्काल निलंबन एवं खुली विजिलेंस जांच तथा बिजली उपभोक्ताओं से केवल वास्तविक खपत के आधार पर ही बिल वसूलने के भी सख्त निर्देश दिए। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रशासनिक व्यवस्था पारदर्शी, संवेदनशील और जनहित के अनुरूप होनी चाहिए, ताकि पर्वों के दौरान प्रदेश में शांति, सुरक्षा और सुव्यवस्था बनी रहे।

TOP

You cannot copy content of this page