
वाराणसी। मानसून के चलते गंगा और वरुणा समेत प्रमुख नदियों का जलस्तर बढ़ने के साथ भारी मात्रा में जलकुंभी बहकर घाटों तक पहुंच गई है। इससे घाटों की सुंदरता, जल प्रवाह और श्रद्धालुओं की सुविधा प्रभावित होने लगी है। स्थिति को देखते हुए नगर निगम ने अस्सी घाट से विशेष सफाई अभियान की शुरुआत कर दी है।
शनिवार को नगर निगम की टीम ने अस्सी घाट पर अभियान चलाकर घाट किनारे जमा जलकुंभी को हटाया और उसे बाहर निकालकर सुरक्षित स्थान पर एकत्र किया। निगम का उद्देश्य घाटों को स्वच्छ, सुरक्षित और श्रद्धालुओं के लिए सुगम बनाए रखना है।
नगर निगम ने शहर की सामाजिक और स्वयंसेवी संस्थाओं से भी इस स्वच्छता अभियान में सहयोग की अपील की है, ताकि गंगा और वरुणा को स्वच्छ बनाए रखने का प्रयास जनभागीदारी के साथ आगे बढ़ सके।
अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि सफाई अभियान को और प्रभावी बनाने के लिए जल्द ही गंगा और वरुणा नदी में आधुनिक ट्रैश बोट मशीन उतारी जाएगी। यह मशीन नदी के बीच से जलकुंभी और तैरते कचरे को तेजी से निकालने में सक्षम होगी, जिससे जल प्रवाह बाधित नहीं होगा और घाटों की स्वच्छता भी बनी रहेगी। नगर निगम का लक्ष्य मानसून के दौरान नदियों को स्वच्छ और प्रदूषणमुक्त बनाए रखना है।
