व्हाट्सएप पर शिकायत, मिनटों में समाधान! नगर निगम वाराणसी का चैटबॉट बना जनता का भरोसेमंद साथी

वाराणसी। नगर निगम वाराणसी की डिजिटल पहल व्हाट्सएप चैटबॉट (8601872601) आम नागरिकों की समस्याओं के त्वरित समाधान का प्रभावी माध्यम बनती जा रही है। शनिवार को चैटबॉट पर प्राप्त 12 शिकायतों का 100 प्रतिशत निस्तारण निर्धारित समय सीमा के भीतर कर दिया गया। जलभराव, सीवर ओवरफ्लो, स्ट्रीट लाइट की खराबी, पोल में करंट और पाइपलाइन लीकेज जैसी समस्याओं पर संबंधित विभागों ने तत्काल कार्रवाई कर लोगों को राहत पहुंचाई।

अपर नगर आयुक्त दुर्गेश मिश्रा ने बताया कि सबसे अधिक पांच शिकायतें प्रकाश विभाग से संबंधित थीं। इनमें स्ट्रीट लाइट समय पर चालू और बंद न होने के अलावा गोलादीनानाथ (वार्ड-84) में स्ट्रीट लाइट के पोल में करंट उतरने की गंभीर शिकायत भी शामिल थी। शिकायत मिलते ही विभागीय टीम मौके पर पहुंची और करीब 50 मिनट के भीतर समस्या का समाधान कर दिया। इसके साथ ही मध्यमेश्वर, दशाश्वमेध और मदनपुरा क्षेत्रों की स्ट्रीट लाइट संबंधी शिकायतें भी तत्काल दूर की गईं।

जलकल विभाग ने नगवा (वार्ड-22) में सीवर ओवरफ्लो तथा दशाश्वमेध (वार्ड-96) और कालभैरव (वार्ड-97) में पेयजल पाइपलाइन लीकेज की शिकायतों का निस्तारण किया। वहीं इंजीनियरिंग विभाग ने दशाश्वमेध और कृतिवासेश्वर (वार्ड-81) में जलभराव की समस्याओं को दूर कराया। उद्यान विभाग ने मध्यमेश्वर (वार्ड-66) में हॉर्टिकल्चर वेस्ट हटाकर शिकायत का समाधान किया।

नगर निगम का कहना है कि चैटबॉट के माध्यम से शिकायत दर्ज होने पर संबंधित विभाग तुरंत सक्रिय हो रहे हैं, जिससे नागरिकों को तेजी से राहत मिल रही है। यह डिजिटल व्यवस्था शहर में सुशासन और बेहतर नागरिक सेवाओं की दिशा में महत्वपूर्ण कदम साबित हो रही है।

TOP

You cannot copy content of this page