
वाराणसी। श्रावण मास और कांवड़ यात्रा के मद्देनजर श्रद्धालुओं को सुरक्षित एवं शुद्ध खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने व्यापक अभियान शुरू कर दिया है। आयुक्त खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन और जिलाधिकारी वाराणसी के निर्देश पर सहायक आयुक्त (खाद्य) द्वितीय एवं अभिहित अधिकारी कौशलेन्द्र शर्मा के नेतृत्व में गठित टीम ने कछवां से रोहनिया, रोहनिया से लक्सा और लक्सा से श्री काशी विश्वनाथ मंदिर तक कांवड़ मार्ग पर संचालित खाद्य प्रतिष्ठानों का सघन निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान दुकानदारों को खाद्य लाइसेंस या पंजीकरण प्रमाणपत्र प्रमुख स्थान पर प्रदर्शित करने, रेट लिस्ट लगाने, खाद्य पदार्थों को ढककर रखने तथा प्रतिष्ठान में साफ-सफाई बनाए रखने के निर्देश दिए गए। साथ ही सभी प्रतिष्ठानों पर फूड सेफ्टी कनेक्ट ऐप का साइनेज भी लगाया जा रहा है, ताकि उपभोक्ता सीधे अपनी शिकायत या फीडबैक दर्ज कर सकें।
खाद्य विभाग ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि सावन और कांवड़ यात्रा के दौरान मुख्य कांवड़ मार्गों सहित प्रमुख धार्मिक स्थलों के आसपास मीट, मछली और अंडे की दुकानों का संचालन नहीं किया जाएगा। विभाग ने चेतावनी दी है कि नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
