मैरेज के नाम पर लाखों की ठगी! वाराणसी में फर्जी कॉल सेंटर पर पुलिस का बड़ा छापा, 10 महिलाएं गिरफ्तार

वाराणसी। साइबर अपराध के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन “Cy-Vazra” के तहत वाराणसी पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। कैंट थाना क्षेत्र में मैरेज ब्यूरो की आड़ में संचालित एक फर्जी कॉल सेंटर का भंडाफोड़ करते हुए पुलिस ने 10 महिलाओं को गिरफ्तार किया है। कार्रवाई के दौरान मौके से 27 मोबाइल फोन, महत्वपूर्ण दस्तावेज और ठगी से जुड़े अन्य साक्ष्य बरामद किए गए।

पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी खुद को मैरेज ब्यूरो का प्रतिनिधि बताकर लोगों से संपर्क करते थे। शादी के इच्छुक युवक-युवतियों को आकर्षक रिश्तों का झांसा देकर उनसे रजिस्ट्रेशन, प्रोफाइल और अन्य शुल्क के नाम पर पैसे वसूले जाते थे। रकम मिलने के बाद संपर्क तोड़ दिया जाता था और पीड़ितों को कोई सेवा नहीं दी जाती थी।

प्रारंभिक जांच के अनुसार, इस गिरोह ने अब तक करीब ₹10 लाख की साइबर ठगी को अंजाम दिया है। पुलिस आरोपियों से पूछताछ कर नेटवर्क से जुड़े अन्य लोगों की तलाश में जुटी है। अधिकारियों का कहना है कि बरामद मोबाइल और दस्तावेजों की जांच के बाद कई और मामलों का खुलासा होने की संभावना है। साइबर ठगी से बचने के लिए पुलिस ने लोगों से किसी भी ऑनलाइन मैरेज सेवा की सत्यता जांचने और बिना पुष्टि के पैसे जमा न करने की अपील की है।

TOP

You cannot copy content of this page