गाजीपुर। उत्तर प्रदेश के गाजीपुर जिले में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली वारदात सामने आई है। मुबारकपुर कुदुरतुल्ला गांव के बाजार में सोमवार शाम एक युवक ने अपनी पत्नी की चाकू से गला रेतकर हत्या कर दी। घटना के बाद आरोपी फरार होने के बजाय खून से सना चाकू लेकर अपनी छह माह की बेटी को गोद में उठाया और फिर घटनास्थल पर ही खड़ा रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी को गिरफ्तार कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
पुलिस के अनुसार, दयालपुर निवासी कुसुम विश्वकर्मा (30) ने दो वर्ष पहले अपने पहले पति को छोड़कर गुरैनी निवासी रविकांत उर्फ हनी राम से कोर्ट मैरिज की थी। दोनों मुबारकपुर कुदुरतुल्ला गांव के बाजार में किराये के मकान में रहते थे। कुसुम वहीं ब्यूटी पार्लर चलाती थी, जबकि हनी राम ऑर्केस्ट्रा का संचालन करता था। दोनों की छह माह की एक बेटी भी है।
छेड़छाड़ के आरोप के बाद बढ़ा विवाद
26 जुलाई को एक महिला ने हनी राम पर छेड़छाड़ का आरोप लगाया था। शिकायत लेकर कुसुम भी उसी महिला के साथ थाने पहुंची थी। पुलिस जांच में आरोप प्रथम दृष्टया झूठे पाए गए, लेकिन एहतियातन अगले दिन हनी राम का शांतिभंग में चालान कर दिया गया। सोमवार शाम जमानत पर छूटने के बाद वह सीधे किराये के मकान पहुंचा और पत्नी से विवाद के बाद चाकू लेकर उसके पीछे दौड़ पड़ा।
100 मीटर तक भागी, बीच बाजार में उतारा मौत के घाट
जान बचाने के लिए कुसुम करीब 100 मीटर तक भागी, लेकिन हनी राम ने बीच बाजार में उसे पकड़ लिया और गले पर कई वार कर दिए। आसपास के लोग मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। वारदात के बाद आरोपी अपनी छह माह की बेटी को गोद में लेकर दोबारा घटनास्थल पर आ गया, जहां पुलिस ने उसे गिरफ्तार कर लिया।
प्रेम विवाह का दर्दनाक अंत
पुलिस के मुताबिक, कुसुम की पहली शादी वर्ष 2010 में आजमगढ़ में हुई थी, जिससे उसकी एक आठ वर्षीय बेटी है, जो वर्तमान में ननिहाल में रहती है। वर्ष 2022 में कुसुम की हनी राम से मुलाकात हुई और दोनों के बीच प्रेम संबंध बन गए। बताया गया कि शादी से इनकार करने पर कुसुम ने हनी राम के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया था, जिसके बाद वह जेल भी गया। बाद में दोनों के बीच समझौता हुआ और कोर्ट मैरिज कर साथ रहने लगे। लेकिन महज दो वर्ष बाद यही रिश्ता खूनी अंजाम तक पहुंच गया।
पुलिस कर रही मामले की जांच
थानाध्यक्ष वागीश विक्रम सिंह ने बताया कि आरोपी पति हनी राम को गिरफ्तार कर लिया गया है। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद और हालिया घटनाक्रम को हत्या की वजह माना जा रहा है।
