लोन दिलाने का झांसा देकर लाखों की धोखाधड़ी, बैंक मैनेजर सहित छह पर केस

दीनदयालनगर(चंदौली) काशीवार्ता। पावरलूम मशीन दिलवाने के लिए बैंक ऋण दिलाने के नाम पर 9.50 लाख रुपये की धोखाधड़ी व गबन करने वाले गिरोह के विरुद्ध मुगलसराय कोतवाली पुलिस टीम ने कार्यवाही करते हुये षड्यंत्र रचकर बैंक ऋण हड़पने वाले तत्कालीन बैंक प्रबंधक, फील्ड ऑफिसर, बिचौलिए मनोज शर्मा व सोनी ट्रेडर्स नामक फर्म सहित अन्य के विरुद्ध मुकदमा दर्ज कर अग्रिम कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं उक्त मामले में पीड़ित पक्ष से झगड़ा फसाद करने पर दो लोगों को निरोधात्मक कार्रवाई कर जेल भेज दिया है।

 जानकारी के मुताबिक दुल्हीपुर निवासिनी रुकसाना बीबी पत्नी परवेज अहमद ने वर्ष 2013 में पुरानी मॉडल की पावरलूम मशीन से व्यापार शुरू किया था। नई मशीन के लिए उन्होंने जिला उद्योग केंद्र के माध्यम से आवेदन देने के बाद दुल्हीपुर स्थित बड़ौदा यूपी बैंक शाखा में पत्रावली स्वीकृत कराने के नाम पर बैंक अधिकारियों व अन्य लोगों द्वारा साजिश रच कर अनपढ़ महिला को धोखे में रखकर विभिन्न प्रपत्रों पर हस्ताक्षर करा लिया गया और 2022 में 9,50,000/- (नौ लाख पचास हजार) रुपये का लोन स्वीकृत कराकर उसमें से मात्र ₹2,90,000 रुकसाना को को दिया तथा शेष धनराशि गबन कर लिया वहीं नई मशीन न देकर उससे प्रतिमाह 15,000/- की किस्त भी वसूल की जा रही थी। उक्त मामले में भुक्तभोगी महिला की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने मु.अ.सं. 0362/2026 धारा 420, 406, 120 बी भा.दं.सं. में मुकदमा दर्ज किया गया है। उक्त मुकदमे को लेकर शुक्रवार को दोनों पक्षों में दुल्हीपुर स्थित चांदनी मार्केट में हो रही कहासुनी की सूचना पर मुगलसराय थानाध्यक्ष बिजय प्रताप सिंह के नेतृत्व में पहुंची पुलिस टीम द्वारा समझाने पर पीड़ित पक्ष शांत हो गया लेकिन मनोज शर्मा एवं गोविंद कुमार द्वारा शांति भंग करने पर पुलिस ने दोनों के विरुद्ध धारा 170/126/135 बीएनएसएस के तहत निरोधात्मक कार्यवाही करते हुये हिरासत में लेकर न्यायालय में पेश किया है। 

TOP

You cannot copy content of this page