सोनभद्र पुलिस का बड़ा कारनामा! 750 गुम मोबाइल बरामद, CEIR अभियान में प्रदेश में तीसरा स्थान, 14 पुलिसकर्मी सम्मानित

सोनभद्र। आधुनिक तकनीक के प्रभावी इस्तेमाल और त्वरित कार्रवाई के दम पर सोनभद्र पुलिस ने मोबाइल बरामदगी अभियान में एक और बड़ी सफलता हासिल की है। CEIR (सेंट्रल इक्विपमेंट आइडेंटिटी रजिस्टर) पोर्टल के माध्यम से जून 2026 में 64.55 प्रतिशत सफलता दर दर्ज करते हुए जनपद ने पूरे उत्तर प्रदेश में तीसरा स्थान प्राप्त किया है। इससे पहले अप्रैल और मई 2026 में भी सोनभद्र पुलिस लगातार दूसरे स्थान पर रही थी।

पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक (ऑपरेशन) ऋषभ रूणवाल के मार्गदर्शन में चलाए गए विशेष अभियान के तहत सर्विलांस सेल, एसओजी और जनपद के सभी थानों की संयुक्त टीमों ने तकनीकी विश्लेषण और लगातार मॉनिटरिंग के जरिए अप्रैल, मई और जून 2026 के दौरान 750 खोए और गुम हुए मोबाइल फोन सफलतापूर्वक बरामद किए। विधिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद सभी मोबाइल उनके वास्तविक स्वामियों को लौटाए गए, जिससे लोगों में खुशी का माहौल देखने को मिला।

इस उत्कृष्ट प्रदर्शन पर पुलिस अधीक्षक अभिषेक वर्मा ने मोबाइल बरामदगी अभियान में सराहनीय योगदान देने वाले 14 पुलिसकर्मियों को प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया। उन्होंने सभी अधिकारियों और कर्मचारियों को बधाई देते हुए भविष्य में भी आधुनिक तकनीक का अधिकतम उपयोग कर आमजन की समस्याओं का त्वरित समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।

सोनभद्र पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि मोबाइल फोन खोने या गुम होने पर तुरंत CEIR पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराएं या निकटतम थाने में सूचना दें। समय पर शिकायत दर्ज होने से मोबाइल को ट्रेस कर बरामद किए जाने की संभावना काफी बढ़ जाती है।

TOP

You cannot copy content of this page