
वाराणसी (काशीवार्ता): वाराणसी कैंट रेलवे स्टेशन पर जीआरपी की सतर्कता से करोड़ों रुपये के कीमती आभूषण बरामद होने के बाद हड़कंप मच गया। प्लेटफॉर्म नंबर 6 और 7 पर जांच के दौरान दो युवकों के पास से करीब 1.95 करोड़ रुपये मूल्य के सोने और हीरे के आभूषण बरामद किए गए। दोनों युवक गुजरात के निवासी बताए जा रहे हैं।
तलाशी के दौरान अधिकारियों को डायमंड जड़ी घड़ी, कई सोने की चेन, सोने की अंगूठियां समेत बड़ी मात्रा में कीमती आभूषण मिले। बरामदगी के बाद जीआरपी ने तत्काल मामले की सूचना आयकर विभाग को दे दी, जिसके बाद संबंधित एजेंसियां जांच में जुट गई हैं।
अधिकारियों के अनुसार अब यह जांच की जा रही है कि बरामद आभूषणों का वास्तविक स्वामित्व किसके पास है, उन्हें किस उद्देश्य से ले जाया जा रहा था और उनके परिवहन से जुड़े सभी आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध हैं या नहीं। फिलहाल दोनों युवकों से पूछताछ की जा रही है और वैधानिक कार्रवाई जारी है। जांच पूरी होने के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि आभूषणों का परिवहन नियमानुसार किया जा रहा था या किसी अनियमितता की आशंका है।
