वाराणसी में टैक्सदाताओं को बड़ी राहत: ऑनलाइन भुगतान पर 12% छूट, स्वतंत्रता सेनानियों व पद्म अवार्डियों को 50% रियायत

वाराणसी नगर निगम ने वित्तीय वर्ष 2026-27 के लिए गृहकर, जलकर और सीवर कर व्यवस्था में बड़ा बदलाव किया है। नगर निगम सभागार में आयोजित पत्रकारवार्ता में नगर आयुक्त ने बताया कि अब टैक्स ऑनलाइन जमा करने वाले भवन स्वामियों को कुल 12 प्रतिशत तक की छूट मिलेगी। इसमें 10 प्रतिशत सामान्य छूट और 2 प्रतिशत अतिरिक्त ऑनलाइन भुगतान प्रोत्साहन शामिल है। वहीं काउंटर पर भुगतान करने वालों को 10 प्रतिशत की छूट दी जाएगी।

नगर निगम ने पहली बार स्वतंत्रता सेनानियों और पद्म पुरस्कार विजेताओं को टैक्स में 50 प्रतिशत की विशेष छूट देने का फैसला किया है। इसके अलावा दृष्टिहीन और 80 प्रतिशत से अधिक दिव्यांगता वाले भवन स्वामियों का टैक्स पूरी तरह माफ किया गया है। इसके लिए सक्षम अधिकारी द्वारा जारी प्रमाण पत्र निगम कार्यालय में जमा करना अनिवार्य होगा।

नगर आयुक्त ने बताया कि शहर के लगभग 2.33 लाख भवन स्वामी 15 जुलाई तक टैक्स जमा कर इस छूट का लाभ उठा सकते हैं। जिन लोगों ने पहले ही चालू वित्तीय वर्ष का टैक्स जमा कर दिया है, उनकी अतिरिक्त छूट की राशि अगले वित्तीय वर्ष के बिल में समायोजित कर दी जाएगी।

इसके साथ ही नगर निगम ने नागरिकों से डिजिटल जनगणना-2026 में भाग लेने की अपील की है। नागरिक 21 मई तक सेल्फ एन्यूमरेशन पोर्टल पर जाकर 33 सवालों के जवाब देकर अपनी स्व-गणना कर सकते हैं। प्रक्रिया पूरी होने पर 11 अंकों की एसई-आईडी जेनरेट होगी, जिसे 22 मई से घर-घर पहुंचने वाले प्रगणकों को दिखाना होगा। इससे समय और श्रम दोनों की बचत होगी।

नगर आयुक्त ने नागरिकों से स्वच्छता सर्वेक्षण में अधिक से अधिक फीडबैक देकर काशी की रैंकिंग बेहतर बनाने की भी अपील की।

TOP

You cannot copy content of this page