
वाराणसी के कचहरी क्षेत्र में लंबे समय से बनी जाम और अव्यवस्थित पार्किंग की समस्या से राहत दिलाने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। पुलिस आयुक्त ने 8 मई 2026 को नवीन पार्किंग स्थल का उद्घाटन किया। इस पहल का उद्देश्य अधिवक्ताओं, वादकारियों, आमजन और न्यायालय परिसर में आने वाले अधिकारियों-कर्मचारियों को बेहतर पार्किंग और सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध कराना है।
कचहरी क्षेत्र में प्रतिदिन भारी संख्या में वाहनों का आवागमन होने के कारण सड़क किनारे अव्यवस्थित पार्किंग से लगातार जाम की स्थिति बनती थी। समस्या को गंभीरता से लेते हुए पुलिस आयुक्त ने स्थलीय निरीक्षण कर संबंधित विभागों और बार एसोसिएशन पदाधिकारियों के साथ कई दौर की बैठकें कीं। इसके बाद लगभग 1000 दो-पहिया वाहनों की क्षमता वाले पार्किंग स्थल को विकसित किया गया।
नगर निगम के सहयोग से करीब एक माह में तैयार इस पार्किंग व्यवस्था से सड़क किनारे पार्किंग पर नियंत्रण होगा और यातायात संचालन अधिक सुचारु बनेगा। भविष्य में इस स्थल को मल्टीलेवल पार्किंग के रूप में विकसित करने की योजना भी प्रस्तावित है।
