सोनभद्र में स्वास्थ्य विभाग की बड़ी कार्रवाई: 7 अस्पताल और कई पैथोलॉजी सेंटर सीज, कई संस्थानों को नोटिस

सोनभद्र। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ के निर्देश पर स्वास्थ्य विभाग ने जनपद में अवैध रूप से संचालित निजी अस्पतालों, क्लीनिकों, पैथोलॉजी और कलेक्शन सेंटरों के खिलाफ बड़ा अभियान चलाया। मुख्य चिकित्साधिकारी के नेतृत्व में बुधवार को रॉबर्ट्सगंज और घोरावल क्षेत्र में सघन निरीक्षण किया गया। इस दौरान मानकों का उल्लंघन करने और बिना वैध अभिलेखों के संचालित कई संस्थानों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की गई।

निरीक्षण के दौरान कलावती क्लीनिक, विश्वास हॉस्पिटल, हेल्थ केयर हॉस्पिटल और सम्राट हॉस्पिटल (घोरावल) के ओपीडी और ऑपरेशन थियेटर (ओटी) को सीज कर दिया गया। इसके अलावा गुड हेल्थ हॉस्पिटल और सीटी हॉस्पिटल के ऑपरेशन थियेटर भी सीज कर दिए गए।

स्वास्थ्य विभाग ने धनवंतरी हॉस्पिटल (छपका), आशीर्वाद हॉस्पिटल (छपका), कृष्णा हॉस्पिटल, न्यू यथार्थ हॉस्पिटल (उरमौरा), ओम हॉस्पिटल (उरमौरा) और ओम हॉस्पिटल एंड सर्जिकल सेंटर (रोडवेज बस स्टैंड, रॉबर्ट्सगंज) को कमियों के संबंध में नोटिस जारी करते हुए निर्धारित समय में स्पष्टीकरण और आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत करने के निर्देश दिए हैं।

अभियान के दौरान अवैध रूप से संचालित पैथोलॉजी और कलेक्शन सेंटरों की भी जांच की गई। अनियमितताएं मिलने पर न्यू अंशिका पैथोलॉजी, डॉ. लाल पैथोलॉजी (शाहगंज एवं घोरावल) तथा निशान हॉस्पिटल के सामने संचालित पैथोलॉजी (रॉबर्ट्सगंज) को सीज कर दिया गया। वहीं लाइफ लाइन हॉस्पिटल, उरमौरा के विरुद्ध भी सीज की कार्रवाई की गई।

मुख्य चिकित्साधिकारी ने कहा कि बिना पंजीकरण और मानकों के विपरीत संचालित अस्पतालों, क्लीनिकों और पैथोलॉजी केंद्रों के खिलाफ अभियान लगातार जारी रहेगा। जिलाधिकारी चर्चित गौड़ ने स्पष्ट निर्देश दिए हैं कि आमजन के स्वास्थ्य के साथ किसी भी प्रकार का खिलवाड़ बर्दाश्त नहीं किया जाएगा और नियमों का उल्लंघन करने वाले संस्थानों पर कठोर वैधानिक कार्रवाई की जाएगी।

स्वास्थ्य विभाग ने लोगों से अपील की है कि उपचार के लिए केवल पंजीकृत और मान्यता प्राप्त अस्पतालों एवं पैथोलॉजी केंद्रों का ही चयन करें, ताकि सुरक्षित और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं मिल सकें।

TOP

You cannot copy content of this page