
गांदरबल (जम्मू-कश्मीर)। अमरनाथ यात्रा पर जा रही श्रद्धालुओं से भरी एक बस सोमवार तड़के हादसे का शिकार हो गई। बस (नंबर AR 11 D 5655) बालटाल से श्रीनगर की ओर जा रही थी। सुबह करीब 5:30 बजे गांदरबल जिले के हरिगनीवान स्थित एस मोड़ के पास चालक का नियंत्रण बस से हट गया, जिसके बाद वाहन सिंध नदी के किनारे लगभग 20 मीटर गहरी खाई में जा गिरा।
हादसे की सूचना मिलते ही भारत-तिब्बत सीमा पुलिस (ITBP) और केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (CRPF) के जवान मौके पर पहुंचे और तत्काल राहत एवं बचाव अभियान शुरू किया। जवानों ने सभी करीब 50 श्रद्धालुओं को सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इस दुर्घटना में किसी श्रद्धालु की मौत नहीं हुई है। हालांकि कई यात्री घायल हुए हैं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज के लिए सब-डिस्ट्रिक्ट अस्पताल, कंगन भेजा गया है।
प्रशासन ने बताया कि सभी यात्रियों की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है और हादसे के कारणों की जांच की जा रही है।
