अखिलेश यादव ने योगी सरकार को घेरा, बोले- प्रचार नहीं, शिक्षा और रोजगार पर खर्च होनी चाहिए राशि

लखनऊ। समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार पर निशाना साधते हुए आरोप लगाया है कि सरकार ने अपनी छवि चमकाने पर बड़ी राशि खर्च की, जबकि प्रदेश में शिक्षा, रोजगार और बुनियादी सुविधाओं को मजबूत करने के लिए अधिक निवेश की जरूरत थी।

अखिलेश यादव ने इसे उत्तर प्रदेश के हितों के खिलाफ बताते हुए कहा कि प्रदेश अभी भी गरीबी, बेरोजगारी, महंगाई, एमएसपी, बिजली, पानी, सड़क और स्वास्थ्य जैसी कई मूलभूत समस्याओं से जूझ रहा है।

उन्होंने दावा किया कि यदि प्रचार-प्रसार में खर्च की गई राशि को शिक्षा क्षेत्र में लगाया जाता, तो ‘केजी से पीजी और रिसर्च’ तक की दो-तीन विश्वस्तरीय यूनिवर्सिटी स्थापित की जा सकती थीं। इससे प्रदेश के बच्चों और युवाओं के लिए बेहतर अवसर पैदा होते और उनका भविष्य मजबूत बनाया जा सकता था।

सपा प्रमुख ने कहा कि समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर शिक्षा और युवाओं को प्राथमिकता दी जाएगी। उन्होंने ‘नियो इंडिया’ का उल्लेख करते हुए दावा किया कि उनकी पार्टी उत्तर प्रदेश को विकास और खुशहाली के मार्ग पर आगे ले जाने का काम करेगी।

TOP

You cannot copy content of this page