वरुणा नदी में मिला ऑटो चालक का शव

वाराणसी -(काशीवार्ता)- कैंट थाना क्षेत्र स्थित वरुणा पुल के समीप शुक्रवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब पुल पर एक लावारिस ऑटो खड़ा होने की सूचना पुलिस को मिली। मौके पर पहुंची पुलिस ने ऑटो की जांच की तो उसमें तेजाब की एक बोतल रखी मिली। इसके बाद आसपास के इलाके में तलाश शुरू की गई, जिसमें कुछ ही देर बाद वरुणा नदी में एक व्यक्ति का शव उतराता हुआ दिखाई दिया। पुलिस ने शव को बाहर निकलवाकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भिजवा दिया है और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है।
स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी कि वरुणा पुल पर वढ 65 ईटी 8037 नंबर का एक ऑटो कई घंटों से लावारिस हालत में खड़ा है। सूचना मिलते ही कचहरी चौकी प्रभारी पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। ऑटो की तलाशी लेने पर उसके अंदर एक तेजाब की बोतल मिली, जिससे मामला और गंभीर हो गया।

वाहन का पंजीकरण जांचने पर पता चला कि ऑटो राजेंद्र प्रसाद गुप्ता के नाम पर दर्ज है। पुलिस ने उनसे संपर्क किया तो उन्होंने बताया कि ऑटो चालक ज्ञानचंद सोनकर नियमित रूप से इस वाहन को चलाते थे। इसके बाद पुलिस ने चालक के परिजनों को सूचना देकर मौके पर बुलाया। घटनास्थल पर पहुंचे। इसी दौरान पुलिस ने वरुणा नदी के आसपास सर्च अभियान चलाया। तलाश के दौरान नदी में एक शव दिखाई दिया, जिसे बाहर निकालकर परिजनों को पहचान के लिए बुलाया गया। मृतक के बेटे आशीष सोनकर ने शव की पहचान अपने पिता ज्ञानचंद सोनकर के रूप में की। शव मिलने की खबर फैलते ही इलाके में लोगों की भीड़ जुट गई। पुलिस ने मौके पर आवश्यक कार्रवाई पूरी करते हुए शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

मृतक के पुत्र आशीष सोनकर ने पुलिस को बताया कि सावन के दौरान परिवार के अधिकांश सदस्य अयोध्या गए हुए थे, लेकिन उनके पिता वाराणसी में ही थे। आशीष का कहना है कि पिछले तीन दिनों से उनके पिता लगातार यह बात कह रहे थे कि कोई पुलिसकर्मी उनका पीछा कर रहा है।परिजनों का आरोप है कि इस पूरे मामले की निष्पक्ष और गहन जांच होनी चाहिए ताकि मौत के वास्तविक कारणों का पता चल सके।कैंट थाना प्रभारी राज किशोर पांडेय ने बताया कि शव को नदी से बाहर निकालकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद मौत के कारणों को लेकर स्थिति स्पष्ट हो सकेगी। उन्होंने कहा कि परिजनों की ओर से मिलने वाली तहरीर के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

TOP

You cannot copy content of this page