सड़क पर अचानक आए सांड़ से भिड़ी बाइक, बैंककर्मी की गई जान

बीसलपुर। पीलीभीत के बीसलपुर में शुक्रवार देर रात शिशु विहार इंटर कॉलेज के सामने सड़क हादसे में एचडीएफसी बैंक के 28 वर्षीय कर्मचारी अर्पित गुप्ता की मौत हो गई। वह बाइक से अपने गांव रौतापुर लौट रहे थे। इसी दौरान सड़क पर अचानक आए सांड़ से उनकी बाइक टकरा गई। हादसे में वह गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना पर पहुंचे बैंककर्मियों और परिजनों ने उन्हें बरेली मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया।

शिशु विहार इंटर कॉलेज के सामने हुआ हादसा

बिलसंडा थाना क्षेत्र के गांव रौतापुर निवासी श्रवण कुमार गुप्ता ने बताया कि उनका 28 वर्षीय अविवाहित पुत्र अर्पित गुप्ता बीसलपुर स्थित एचडीएफसी बैंक में लिपिक के पद पर तैनात था। शुक्रवार रात वह बाइक से अपने गांव लौट रहा था। बीसलपुर के पूर्वी छोर पर शिशु विहार इंटर कॉलेज के सामने सड़क पर अचानक सांड़ आ जाने से बाइक उससे टकरा गई। टक्कर लगने से अर्पित गंभीर रूप से घायल हो गए।

हादसे की जानकारी मिलते ही बैंक के कर्मचारी और परिजन मौके पर पहुंच गए। घायल अर्पित को बरेली मार्ग स्थित एक निजी अस्पताल ले जाया गया, लेकिन डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।

पोस्टमॉर्टम के बाद अंतिम संस्कार

परिजनों के आग्रह पर पुलिस ने शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया। जिलाधिकारी ज्ञानेंद्र सिंह के निर्देश पर शुक्रवार रात ही शव का पोस्टमॉर्टम कराया गया। शनिवार सुबह शव गांव पहुंचते ही परिवार में कोहराम मच गया। मृतक के पिता श्रवण कुमार गुप्ता, मां मीरा देवी गुप्ता और भाई अमन कुमार गुप्ता का रो-रोकर बुरा हाल रहा। शनिवार को गमगीन माहौल में अर्पित का अंतिम संस्कार कर दिया गया।

TOP

You cannot copy content of this page