वाराणसी। फुलवरिया फोरलेन के समीप छावनी परिषद की करीब 15 एकड़ भूमि पर वाराणसी नगर निगम नया ग्रीन पार्क विकसित करेगा। इसके लिए जिला प्रशासन और छावनी परिषद के बीच भूमि हस्तांतरण की प्रक्रिया चल रही है। पार्क को काशी की संस्कृति और मौलिकता को ध्यान में रखते हुए विकसित करने की योजना है।
प्रस्तावित पार्क में हरियाली के साथ म्यूजिकल फाउंटेन भी बनाया जाएगा। इसके अलावा लोगों के कसरत करने के लिए सुविधाएं, योगशाला, ओपन जिम और खेल-कूद के लिए स्थान विकसित किए जाएंगे। पार्क में औषधीय पौधों का बगीचा भी तैयार करने की योजना है। छायादार पौधों के साथ आकर्षक लाइटिंग की व्यवस्था की जाएगी, जिससे आसपास के क्षेत्र में हरित और मनोरम वातावरण विकसित हो सके।
अधिकारियों के अनुसार, म्यूजिकल फाउंटेन ऐसी तकनीक पर आधारित होता है, जिसमें पानी की फुहारों को संगीत की लय और सुर के अनुसार नियंत्रित किया जाता है। इसके लिए विशेष रूप से डिजाइन किए गए नोजल, पंप, लाइट और ध्वनि प्रणाली का इस्तेमाल होता है। ये उपकरण संगीत की ताल के अनुरूप पानी की ऊंचाई, गति और दिशा को नियंत्रित करते हैं। लेजर लाइट और विभिन्न रंगों की रोशनी के संयोजन से फाउंटेन को आकर्षक दृश्य प्रभाव दिया जाता है।
लखनऊ के जनेश्वर मिश्र पार्क में देश के प्रमुख म्यूजिकल फाउंटेन में से एक स्थापित है। इसी तरह नोएडा, कानपुर और प्रयागराज में भी इस प्रकार के पार्क विकसित किए गए हैं। अधिकारियों की योजना इन्हीं की तर्ज पर फुलवरिया में आधुनिक सुविधाओं से युक्त ग्रीन पार्क विकसित करने की है।
पार्क के निर्माण से क्षेत्र में हरियाली बढ़ने के साथ स्थानीय लोगों को योग, व्यायाम, खेल और मनोरंजन के लिए एक बेहतर सार्वजनिक स्थान मिल सकेगा। काशी की संस्कृति और स्थानीय पहचान को पार्क की डिजाइन और विकास योजना में प्रमुखता देने की तैयारी है।
