गोरखपुर । शाहपुर इलाके के जंगल तुलसीराम, शहीद गली निषाद टोला निवासी 25 वर्षीय बजरंगी उर्फ बद्री निषाद की झारखंड के बाबाधाम में हत्या कर शव पोखरे में फेंके जाने का मामला सामने आया है। शनिवार सुबह शव घर पहुंचने के बाद आक्रोशित परिजनों और मोहल्ले के लोगों ने कौवाबाग ओवरब्रिज के पास शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया। परिजन आरोपियों की गिरफ्तारी की मांग कर रहे थे।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और परिजनों को समझाकर जाम खुलवाया। इसके बाद शव को अंतिम संस्कार के लिए भेज दिया गया।
जानकारी के मुताबिक, बजरंगी निषाद उर्फ बद्री बिजली और डीजे का काम करता था। उसकी शादी करीब एक साल पहले मोहिनी निषाद से हुई थी। मोहिनी सात माह की गर्भवती है।
बताया जा रहा है कि बीते सोमवार को बजरंगी अपने मोहल्ले के रहने वाले भीम के साथ झारखंड स्थित बाबाधाम दर्शन के लिए गया था। परिजनों का आरोप है कि वहीं उसकी हत्या कर शव पोखरे में फेंक दिया गया। बृहस्पतिवार को झारखंड पुलिस ने पोखरे से बजरंगी का शव बरामद किया।
तलाशी के दौरान मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन के आधार पर पुलिस ने उसके परिजनों को सूचना दी। जानकारी मिलते ही परिजन झारखंड पहुंचे। पोस्टमार्टम की प्रक्रिया पूरी होने के बाद शनिवार सुबह परिजन शव लेकर गोरखपुर के बिछिया पहुंचे।
शव घर पहुंचते ही परिजन और मोहल्ले के लोग आक्रोशित हो गए। उन्होंने कौवाबाग ओवरब्रिज के पास शव सड़क पर रखकर जाम लगा दिया और आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करने लगे। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर लोगों को समझाया और शव को अंतिम संस्कार के लिए भेजा।
