यूपी के इन इलाकों में आज भारी बारिश का अलर्ट, रविवार से घटेगा बरसात का दायरा

लखनऊ। दक्षिणी उत्तर प्रदेश में बारिश का दौर अभी जारी रहेगा, जबकि पश्चिमी यूपी में बारिश की गतिविधियां धीरे-धीरे कमजोर पड़ रही हैं। मौसम विभाग के अनुसार, मध्य प्रदेश से सटे उत्तर प्रदेश के इलाकों में अभी भी बारिश के आसार बने हुए हैं। पिछले 24 घंटों में संभल में सबसे अधिक 134 मिमी बारिश दर्ज की गई।

राजधानी लखनऊ में फिलहाल छिटपुट बारिश की संभावना है, हालांकि सोमवार को अच्छी बारिश के आसार बन रहे हैं। आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के मुताबिक, अगले दो-तीन दिनों तक मानसून का असर मुख्य रूप से दक्षिणी जिलों सोनभद्र, मिर्जापुर और चंदौली में देखने को मिलेगा। प्रदेश के अन्य हिस्सों में भी कहीं-कहीं हल्की से मध्यम बारिश जारी रहने की संभावना है।

वरिष्ठ मौसम वैज्ञानिक अतुल कुमार सिंह ने बताया कि दक्षिण-पश्चिमी उत्तर प्रदेश पर मध्य क्षोभमंडल तक विस्तृत चक्रवाती परिसंचरण का प्रभाव बना हुआ है। इसके चलते खासतौर पर दक्षिणी यूपी में मानसूनी गतिविधियां बढ़ने की संभावना है।

प्रदेश के 25 जिलों में सामान्य, 34 जिलों में सामान्य से कम और नौ जिलों में सामान्य से अधिक बारिश दर्ज की गई। शनिवार को संभल में सबसे अधिक 134 मिमी, बुलंदशहर में 110.4 मिमी और हमीरपुर में 93 मिमी बारिश रिकॉर्ड की गई।

मौसम विभाग के अनुसार, दक्षिणी यूपी में मानसूनी गतिविधियां फिलहाल जारी रहेंगी, जबकि पश्चिमी उत्तर प्रदेश में बारिश का असर धीरे-धीरे कम होने की संभावना है।

TOP

You cannot copy content of this page